अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर।
शहर के राजकीय स्नातकोत्तर नेहरू महाविद्यालय सभागार में शनिवार को केंद्र सरकार की तीन साल की उपलब्धियों और लोकहितैषी योजनाओं का स्वरूप दिखाते हुए सबका साथ-सबका विकास सम्मेलन का आयोजन हुआ। सम्मेलन में हरियाणा सरकार में मुख्य संसदीय सचिव डॉ. कमल गुप्ता बतौर मुख्यातिथि उपस्थित हुए। सम्मेलन में बहादुरगढ़ से विधायक नरेश कौशिक विशिष्ट अतिथि रहे जबकि अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष बिजेंद्र दलाल ने की। सम्मेलन का शुभारंभ सीपीएस डॉ. गुप्ता, विधायक कौशिक व भाजपा जिलाध्यक्ष दलाल द्वारा भारत माता के साथ ही पं.दीन दयाल उपाध्याय व डा.श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर किया गया। गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तीन वर्षों में देश व प्रदेश ने विकास के मामले में उल्लेखनीय यात्रा तय की है। उन्होंने कहा कि अतीत की सरकारों के नेतृत्व के कारण लोगों का विश्वास टूट चुका था, उसे बहाल करने का काम प्रधानमंत्री मोदी के दिशा-निर्देशन में हुआ है और यही कारण है कि आज भारत विश्व का अग्रणीय देश बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि देश के गरीबों, दलितों, किसानों एवं व्यापारियों सहित कोई वर्ग अछूता नहीं हैं, जिसके कल्याण के लिए मौजूदा केंद्र व प्रदेश सरकार ने काम न किया हो।
- सांस्कृतिक विधा से दिया स्वच्छता और बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का संदेश
सबका साथ सबका विकास सम्मेलन में केंद्र व प्रदेश सरकार की लोकहितैषी नीतियों का प्रचार सांस्कृतिक विधा के साथ लोक कलाकारों ने सभागार में मंच से किया। स्वच्छ भारत-स्वस्थ भारत के साथ ही बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ राष्ट्रीय कार्यक्रम का संदेश लोक कलाकारों द्वारा लघु नाटक और हरियाणवीं नृत्य शैली के जरिए उपस्थित जनसमूह को दिया गया। लोक कलाकारों की प्रस्तुति ने जहां दर्शकों को योजनाओं से अवगत कराया वहीं सम्मेलन में एपीसीपीएल व सरकारी विभागों की प्रदर्शनी में आमजन ने योजनाओं की बखूबी जानकारी ली।
ये रहे मौजूद :
इस मौके पर दिव्यांग जन आयोग के आयुक्त दिनेश शास्त्री, कर्नल राजेंद्र सिंह सुहाग, अनिल शर्मा, सुनीता धनखड़, पूर्व मंत्री कांता देवी, रविभान राठी, महेश कुमार, डॉ. धर्मेंद्र बबलू, दरियाव सिंह राजौरा, अश्विनी शर्मा, कृष्ण गुलिया, मार्केट कमेटी बेरी के चेयरमैन मनीष शर्मा, बहादुरगढ़ मार्केट कमेटी चेयरमैन कैप्टन राम सिंह दलाल, राजपाल शर्मा, पवन छिल्लर, नरेंद्र जौंधी, अनुज चौधरी, अशोक गुप्ता सहित जिलावासियों ने सम्मेलन में भागीदारी निभाई। प्रशासन की ओर से सम्मेलन में उपायुक्त रमेश चंद्र बिढ़ाण, अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. नरहरि बांगड़, डीआईपीआरओ अमित पंवार, एपीसीपीएल झाड़ली के सीईओ एनएन मिश्रा, एजीएम वीके गर्ग, एजीएम एचआर वीके शर्मा, डीजीएम एचआर अनिल कुमार मौजूद रहे।
- सीपीएस डॉ. कमल गुप्ता व विधायक नरेश कौशिक बोले, सरकार ने लोकहितैषी नीतियों को क्रियांवित कर दिया सार्थक संदेश
- केंद्र सरकार के 3 वर्ष पूर्ण होने पर झज्जर में आयोजित हुआ सबका साथ-सबका विकास सम्मेलन