बाढड़ा। गांव बड़राई व नौरंगाबास पहाड़ी क्षेत्र स्थित बाबा श्याम धाम पर आज से शुरू होने वाले वार्षिक फाल्गुन मेले का आयोजन प्रदूषण मुक्त होगा। मेले में प्लास्टिक पदार्थों के प्रयोग पर प्रतिबंध रहेगा। वहीं, ग्राम पंचायत दो दर्जन से अधिक कूड़ेदानों का प्रबंध भी करेगी ताकि कूड़ा इधर-उधर फैले। यह निर्णय बड़राई सरपंच धर्मबीर सिंह की अध्यक्षता में आयोजित तीन गांवों की पंचायत में लिया गया।
इस दौरान सभी वालंटियर्स को अनुशासित तरीके से व्यवस्थाएं बनाने के निर्देश भी दिए गए। सरपंच धर्मबीर ने बताया कि इस दौरान आयोजित होने वाले दंगल के विजेता पहलवानों को सांसद धर्मबीर सिंह सम्मानित करेंगे। उन्होंने बताया कि श्याम धाम पर आयोजित होने वाले मेले के उपलक्ष्य में ही दंगल आयोजित कराया जाएगा। इसमें प्रथम विजेता को 51 हजार, द्वितीय विजेता को 31 हजार, तृतीय विजेता को 21 हजार की नकद राशि दी जाएगी। इसके अलावा 18 मार्च को हरियाणा स्टाइल कबड्डी स्पर्धा आयोजित होगी। इसमें विजेता को 71 हजार और उप-विजेता को 51 हजार का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा हरियाणवी सांस्कृतिक कार्यक्रमों व खेलकूद स्पर्धाओं का आयोजन भी किया जाएगा जिसमें दस लाख से अधिक की इनामी राशि वितरित की जाएगी। खेलकूद स्पर्धा का उद्घाटन युवा समाजसेवी नीटू नौरंगाबास व विधायक सुखविंद्र मांढी करेंगे।