अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। रासीवास गांव निवास चिनाई मिस्त्री की बाइक को चरखी के समीप एक ऑल्टो कार ने टक्कर मार दी। घटना में बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से एक को रोहतक पीजीआई रेफर किया गया जबकि दूसरा सिविल अस्पताल में उपचाराधीन है। सदर थाना पुलिस ने घायल के बयान पर कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस को दिए बयान में रासीवास निवासी महाबीर ने बताया कि वह चिनाई मिस्त्री है। गांव निवासी बलवान के साथ वह अपनी बाइक पर दादरी आ रहा था। जब वे चरखी के समीप पहुंचे तो पीछे से आई ऑल्टो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। वे दोनों सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल अवस्था में उन्होंने कार सवार को रुकवा लिया। पूछताछ करने पर उसने नाम और पता बता दिया। इसी दौरान कार चालक ने वहां से फरार होने का प्रयास किया तो मौके पर मौजूद लोगों ने उसे पकड़ा लिया। महाबीर ने बताया कि लोगों के कहने पर कार चालक उन दोनों को सिविल अस्पताल लाया जहां से बलवान को प्राथमिक उपचार के तुरंत बाद पीजीआई रेफर कर दिया। वहीं, महाबीर फिलहाल सिविल अस्पताल में उपचाराधीन है। घटना की सूचना पाकर सदर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल के बयान पर कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।