डीसी रेट पर पार्ट वन की भर्ती कर 100 चालकों से चलवाई बसें
पार्ट टू के परिचालकों की आज चस्पा की जाएगी सूची, दूसरे विभागों के चालकों को रोडवेज ने शनिवार शाम को किया रिलीव
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। रोडवेज डिपो के बेडे़ में शामिल बसों को चलाने के लिए विभाग ने 100 चालकों की सूची शनिवार को चस्पा कर दी। इन्हें पार्ट-वन के तहत डीसी रेट पर भर्ती किया गया है। अधिकारियों का तर्क है कि दो-तीन दिन में ही पार्ट-टू की भर्ती प्रक्रिया पूरी हो जाएगी और इसके बाद पार्ट-वन के तहत जो भर्ती किए हैं उन्हें हटा दिया जाएगा। रविवार सुबह बस स्टैंड परिसर में पार्ट-टू के तहत भर्ती होने वाले परिचालकों की सूची चस्पा कर दी जाएगी। शनिवार शाम को परिचालकों के आवेदन फार्मों की छंटनी का काम पूरा हो चुका है। वहीं, वैकल्पिक तौर पर चालक बनाए होमगार्डों से शनिवार को परिचालक का काम कराया गया। वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर दूसरे विभागों के जो कर्मचारी इस समय अपनी सेवाएं दे रहे हैं उन्हें रोडवेज विभाग ने शनिवार शाम रिलीव कर दिया है।
हड़ताल के 12वें दिन शुक्रवार तक डिपो के करीब 546 कर्मचारी हड़ताल में शामिल रहे। शनिवार को इनकी तादाद बढ़कर 548 हो गई। वर्कशॉप के दो कर्मचारी शनिवार को हड़ताल के समर्थन में आ गए। कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने से दो दिन तो डिपो से बसें रवाना ही नहीं हो पाई थीं। इसके बाद भी कभी 30 तो कभी 50 फीसदी बसें ही बस स्टैंड से रवाना हो पाई थीं। करीब एक सप्ताह से पुलिस विभाग के जवान और होमगार्ड सहित दमकल विभाग के चालकों से बसें चलवाई जा रही हैं। इसके साथ पार्ट-टू के तहत नई भर्ती के लिए चालक और परिचालक पदों के लिए आवेदन मांगे थे। चरखी दादरी बस स्टैंड परिसर पहुंचकर 3098 बेरोजगारों ने अपने आवेदन फार्म जमा कराए थे। आवेदन की अंतिम तिथि 25 अक्तूबर तक विभाग के पास चालकों के 1441 और परिचालकों के 1657 आवेदन पहुंचे थे। इन आवेदनों की छंटनी का काम शुक्रवार से विभाग ने शुरू कर दिया और यह प्रक्रिया पूरी होने तक पार्ट-वन के तहत 100 चालक शनिवार को भर्ती किए। इन चालकों को ठेकेदार के मार्फत लगाया गया है। पार्ट-टू की भर्ती प्रक्रिया पूरी होते ही इनकी सेवाएं रोडवेज अधिकारी समाप्त कर सकते हैं।
बस स्टैंड से निजी और प्राइवेट चलीं 85 बसें
शनिवार को चरखी दादरी बस स्टैंड परिसर से विभिन्न रूटों पर 85 बसें चलीं। इनमें प्राइवेट और रोडवेज बसें शामिल हैं। डिपो अधिकारियों की मानें तो शनिवार को हर रूट पर बस भेजी गई और कई रूटों पर बसों ने एक से अधिक चक्कर लगाए। वहीं, पार्ट-वन के तहत जो 100 चालक भर्ती किए गए उनमें से 25 को लोहारू सब डिपो में भेजा गया।
असमंजस में रहे आवेदक, जीएम से मिलकर भ्रम किया दूर
शनिवार सुबह बस स्टैंड परिसर पर 100 नए चालकों की भर्ती सूची नोटिस बोर्ड पर चस्पा कर दी गई। इसमें कुछ ठेकेदार द्वारा दिए गए चालक हैं जबकि कुछ का चयन रोडवेज अधिकारियों ने उनके अनुभव और एकेडमिक रिकॉर्ड के आधार पर किया गया है। सूची देखने पहुंचे आवेदक पार्ट-टू व पार्ट-वन के चलते असमंजस की स्थिति में पड़ गए। इसके बाद वो जीएम से मिलने पहुंचे और जीएम धनराज कुंडू ने उनके सामने स्थिति स्पष्ट की।
पार्ट-टू के परिचालकों की आज और चालकों की कल लगेगी लिस्ट
जीएम धनराज कुंडू ने बताया कि परिचालक पद के लिए आए 1657 आवेदन फार्मों की छंटनी प्रक्रिया अंतिम चरण में है जोकि शनिवार शाम तक पूरी हो जाएगी। उन्होंने बताया कि इसके बाद इनमें से योग्य का चयन किया जाएगा। जीएम ने बताया कि पार्ट-टू के तहत भर्ती होने वाले परिचालकों की सूची रविवार सुबह चस्पा कर दी जाएगी। जीएम ने बताया कि चालकों के आवेदन फार्मों की छंटनी का कार्य रविवार शाम तक पूरा होने की उम्मीद है। सोमवार सुबह पार्ट-टू के तहत भर्ती होने वाले चालकों की सूची भी जारी कर दी जाएगी।
नहीं होगा इंटरव्यू, अनुभव और अकादमिक रिकॉर्ड बनेगा चयन का आधार
पार्ट-टू पॉलिसी के तहत जो नए चालक और परिचालकों की सूची जारी की जाएगी उनमें से चयन मेरिट के आधार पर होगा। अधिकारी आवेदक के अनुभव के साथ उसके अकादमिक रिकॉर्ड को आवेदन का आधार मानेंगे। 10 साल के अनुभव के अलावा 10वीं पास से ज्यादा वरीयता 12वीं पास और 12वीं पास से ज्यादा वरीयता ग्रेजुएट या पोस्ट ग्रेजुएट को दी जाएगी। शैक्षणिक उपलब्धि के आधार पर आवेदकों को नंबर दिए जाएंगे और इस भर्ती के लिए चयनित आवेदकों को इंटरव्यू प्रक्रिया से नहीं गुजरना पड़ेगा।
फोटो 05
पार्ट-वन के तहत की गई चालकों की भर्ती की सूची देखते हुए आवेदक।
फोटो 06बूथ पर बस लगने के इंतजार में खड़े यात्री।