अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
गेट-वे ऑफ हरियाणा (बहादुरगढ़) में पर्यावरण को संतुलित रखने के उद्देश्य से मेट्रो रेल अपने साथ हरियाली लेकर आएगी। दिल्ली मेट्रो रेल कार्पोरेशन (डीएमआरसी) ने मेट्रो ट्रैक के नीचे डिवाइडरों पर पौधे लगाने का काम शुरू कर दिया है। फिलहाल नव निर्मित मुंडका इंडस्ट्रियल एरिया स्टेशन तक पौधे लगाए गए हैं। मेट्रो चलने से पहले बहादुरगढ़ क्षेत्र तक डिवाइडरों पर पौधे रोपित कर दिए जाएंगे। डिवाइडरों पर हरियाली होने से शहर की सुंदरता तो बढ़ेगी ही। साथ ही गलत तरीके से रोड क्रॉसिंग के कारण होने वाले हादसों में भी कमी आएगी।
बहादुरगढ़ में छोटी-बड़ी लगभग साढ़े 3 हजार औद्योगिक इकाइयां हैं। औद्योगिक नगरी होने के चलते बहादुरगढ़ में दूसरे शहरों के मुकाबले प्रदूषण होने की आशंका अधिक रहती है। मेट्रो आने के बाद यहां वाहन चालकों का दबाव बढ़ेगा तो प्रदूषण और बढ़ेगा। इस समस्या पर पार पाने के लिए मेट्रो रेल बहादुरगढ़ में अपने साथ हरियाली लेकर आएगी।
दरअसल, डीएमआरसी ने ट्रैक के नीचे डिवाइडर पर पौधे लगाने का काम शुरू कर दिया है। डिवाइडरों पर हरियाली व खुशबूदार पौधे रोपित किए जा रहे हैं। फिलहाल मुंडका इंडस्ट्रियल एरिया तक पौधे लगाए जा चुके हैं। बहादुरगढ़ के अंतिम स्टेशन सिटी पार्क तक पौधे लगाए जाएंगे। इन पौधों की सुरक्षा के लिए ट्री गार्ड लगाए जाएंगे। साथ ही लोहे के जाल से डिवाइडर को कवर किया जाएगा। ट्री-गार्ड व लोहे के जाल पर भी हरे रंग का पेंट होगा। एक मेट्रो कर्मी के मुताबिक, मेट्रो के पिलरों पर भी हरी जालियां चढ़ाई जाएंगी। हरियाली के संदेश के साथ मेट्रो बहादुरगढ़ में आ रही है।
सुंदरता बढ़ेगी, थमेंगे हादसे
डिवाइडर पर हरियाली छाने से शहर की सुंदरता तो बढ़ेगी ही, हादसों पर भी अंकुश लगेगा। दरअसल, फिलहाल डिवाइडरों पर लावारिस पशु बैठे रहते हैं। जिससे हादसा होने की आशंका बनी रहती है। इसके अलावा लोग डिवाइडरों पर चढ़कर गलत तरीके से सड़क क्रॉस करते हैं। इस वजह से हादसे हो जाते हैं। पिछले दिनों ही सिटी पार्क स्टेशन के पास एक महिला इसी तरह से हादसे का शिकार हो गई थी।
संस्था ने जताई खुशी
क्षेत्र में स्वच्छता मुहिम चला रही क्लीन एंड ग्रीन एसोसिएशन ने पिछले साल डीएमआरसी को पत्र लिखकर डिवाइडरों के बीच पौधे लगाने की मांग की थी। संस्था सदस्य प्रदीप ने बताया कि शहर की आबादी बढ़ रही है और हरियाली घट रही है। इसलिए उनकी संस्था ने डीएमआरसी को पत्र लिखकर मेट्रो रेजिडेंस कॉलोनी के आसपास व डिवाइडरों पर पौधे लगाने की मांग की थी। जिस पर अधिकारियों ने संज्ञान लिया है। इससे यहां के वातावरण में काफी सुधार होगा।
मार्च-2018 है डेडलाइन
मुंडका से लेकर बहादुरगढ़ तक पिछले कई वर्षों से मेट्रो वर्क चल रहा है। अब इस रूट पर लगभग काम पूरा हो गया है। फिलहाल मेट्रो का ट्रायल चल रहा है। डीएमआरसी ने रूट पर मेट्रो सेवा शुरू करने की डेडलाइन मार्च-2018 तय कर रखी है। मेट्रो के चलने से क्षेत्र के लोगों को बेहद लाभ होगा। इस रूट पर दिल्ली क्षेत्र में चार और बहादुरगढ़ में तीन स्टेशन बनाए गए हैं। इनमें मुंडका इंडस्ट्रियल एरिया (दिल्ली), घेवरा मोड़ (दिल्ली), टीकरी गांव (दिल्ली), टीकरी बॉर्डर (दिल्ली), एमआइई स्टेशन (बहादुरगढ़), बस स्टैंड स्टेशन (बहादुरगढ़) व सिटी पार्क (बहादुरगढ़) आदि शामिल हैं।