166 पंचायतों को मिलेगी एक-एक लाख की स्वच्छता राशि
चरखी दादरी। कस्बा बाढड़ा की अनाजमंडी में बृहस्पतिवार को आज जिला प्रशासन की ओर से ग्राम पंचायतों के लिए स्वच्छता पुरस्कार वितरण समारोह किया जाएगा। बाढड़ा ब्लाक की 50 व झोझू खंड की 15 पंचायतों के सरपंचों व बाढड़ा पंचायत समिति के चेयरमैन को सम्मानित किया जाएगा। अतिरिक्त उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने बताया कि जिला चरखी दादरी की सभी 166 पंचायतों को एक-एक लाख रूपए की स्वच्छता पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इसके अलावा दादरी, बाढड़ा व बौंद सहित तीनों खंडों की पंचायत समितियों को पांच-पांच लाख रूपए पुरस्कार स्वरूप दिए जाएंगे। राज्य स्वच्छता पुरस्कार योजना के अंतर्गत खंड बाढड़ा की पंचायत समिति, 50 ग्राम पंचायतों व खंड झोझू की 15 पंचायतों के सम्मान में 18 जनवरी को अनाजमंडी मार्केट कमेटी परिसर में सुबह साढे दस बजे कार्यक्रम किया जाएगा। यहीं समारोह दादरी, बौंद व झोझू ब्लाक की शेष पंचायतों के लिए 19 जनवरी को सुबह दादरी नई अनाजमंडी परिसर में आयोजित किया जाएगा।