सर्व कर्मचारी संघ 30 जनवरी को चलाएगा जेल भरो आंदोलन
अमर उजाला ब्यूरो
बाढड़ा।
कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर सर्व कर्मचारी संघ 30 जनवरी को जिलास्तर पर जेल भरो आंदोलन चलाएगा। बाढड़ा उपमंडल से काफी संख्या में कर्मचारी इस विरोध प्रदर्शन में भाग लेंगे। यह बात सर्व कर्मचारी संघ के खंड अध्यक्ष प्रविंद्र भांडवा ने बिजली निगम परिसर में कर्मचारियों की बैठक को संबोधित करते हुए कही। बैठक के दौरान मंच संचालन कच्चा कर्मचारी यूनियन के खंड अध्यक्ष बिमलेश काकड़ौली ने किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार कर्मचारियों की मांगों की ओर कोई ध्यान नहीं दे रही है जिससे कर्मचारियों की उपेक्षा हो रही है। सर्व कर्मचारी संघ कर्मचारियों की मांगों की उपेक्षा को किसी सूरत में बर्दाश्त नही करेगा और 30 जनवरी को जिलास्तर पर जेल भरो आंदोलन चलाया जाएगा। जिला संगठन सचिव दलबीर सिंह सांगवान ने कहा कि 17 जनवरी को कर्मचारियों की जिला कंवेंशन भिवानी में होगी। इसमें सभी खंडों के पदाधिकारी, प्रधान व सचिव हिस्सा लेंगे। एसकेएस के उपप्रधान मुकेश बाढड़ा ने कहा कि कर्मचारी सरकार की कर्मचारी विरोधी नीतियों से तंग आ चुकी है। इसलिए कर्मचारी जेल भरो आंदोलन में बढ़ चढ़कर भाग लेंगे। इस मौके पर कृष्ण बिलावल, रविन्द्र, सोमबीर डालावास, जगदीश, बिमला देवी, कर्मबीर बिलावल, फूला देवी आदि उपस्थित थे।