अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर।
मॉक ड्रिल को लेकर पूर्व रिहर्सल में बुधवार को एसडीएम ने जहांआरा बाग स्टेडियम में तैयारियों को लेकर बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें एक टीम में महिला पुलिसकर्मी नजर नहीं आई। जिस पर उन्होंने वहां टीम के अन्य पुलिसकर्मियों से कहा कि वे उन्हें बता दें कि वीरवार के दिन मॉक ड्रिल में ऐसे नहीं चलेगा।
उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारी मॉक ड्रिल की गंभीरता को समझें, ये प्रदेशभर में एक साथ चल रही है और सरकार द्वारा हर जिले में मॉनिटर की जा रही है। वहीं, उन्होंने होम गार्ड के जवानों को भी सफेद टी-शर्ट या सफेद रुमाल बांधकर आने को कहा। कार्यक्रम के ऑपरेशनल हेड एवं उपमंडल अधिकारी (ना.) रोहित यादव के नेतृत्व में पूर्व अभ्यास किया गया, जिसमें आपदा से निपटने के तरीकों और प्रशासन द्वारा किए जाने वाले प्रबंधों को लेकर रिहर्सल का आयोजित की गई।
छह स्थानों पर होगी मॉक ड्रिल
प्रदेशभर में आयोजित होने वाली मॉक ड्रिल को लेकर जिला झज्जर में कुल छह स्थानों को चिह्नित किया है, जिसके तहत झज्जर में चार स्थल और बहादुरगढ़ में दो स्थानों का चयन किया है। इन स्थानों पर मॉक ड्रिल होगी, जिनकी तैयारियों को बुधवार को अंतिम रूप दिया गया। एसडीएम रोहित यादव ने कहा कि आपदा की स्थिति में सभी को एकजुट होकर एक टीम वर्क के रूप में कार्य करते हुए जान-माल की सुरक्षा के प्रति सामाजिक दायित्व का निर्वहन किया जाए। जिला मुख्यालय पर आपदा प्रबंधन के मद्देनजर 21 दिसंबर का मॉक ड्रिल मिनी सचिवालय, एडवांटा अस्पताल, सुमन सिटी माल और इंडो अमेरिकन स्कूल में होगी। इस मेगा मॉक ड्रिल के माध्यम से आपदा की स्थिति से निपटने की पूरी तैयारी हूबहू नजर आएगी।
इस प्रकार चलेगा कार्यक्रम
एसडीएम यादव ने बताया कि उपायुक्त सोनल गोयल के मार्गदर्शन में 21 दिसंबर को आपदा प्रबंधन के तहत मॉक ड्रिल के जरिये आपदाओं से निपटने के लिए सभी विभागों की ओर सेे की जाने वाली तैयारियों का प्रदर्शन होगा। जिला प्रशासन की ओर से जहांआरा बाग स्टेडियम में स्टेजिंग एरिया बनाया गया। एसडीएम ने बताया कि 21 दिसंबर को आपदा की मॉक ड्रिल होगी, जिसमें वीरवार सुबह 10 बजे सायरन बजेगा। इस सायरन के साथ ही जिला प्रशासन सहित तमाम संस्थान बचाव कार्य को लेकर इस तरह का पूर्व अभ्यास करेेंगे, जैसे सच में ही कोई आपदा आई है।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर एसडीएम बेरी संजय राय, डीएसपी अजमेर सिंह, जिला राजस्व अधिकारी मनबीर सांगवान, जिला शिक्षा अधिकारी सतबीर सिवाच, उपनिदेशक पशुपालन मनीष डबास, अनुसंधान अधिकारी सुमित कुमार, सचिव रेडक्रास महेश गुप्ता, जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक अशोक शर्मा व जिला खेल अधिकारी सत्यदेव मलिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।