अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
मुंडका-बहादुरगढ़ मेट्रो लाइन पर चल रहे प्री मेट्रो ट्रायल चार दिनों में दूसरी बार मंगलवार को भी हुआ। जनवरी में ट्रायल सुचारु ढंग से शुरू होगा और लगातार तीन महीने तक चलेगा। जब से मेट्रो का ट्रायल शुरू हुआ है तभी से शहरवासी काफी खुश हैं। अधिकारियों के अनुसार फिलहाल मेट्रो स्टेशनों पर फिनिशिंग का कार्य चल रहा है और अगले तीन-चार महीने में इस कार्य को अंतिम रूप दे दिया जाएगा।
गति में आया परिवर्तन
शनिवार को हुए मेट्रो के प्री ट्रायल के बाद मंगलवार को मेट्रो ट्रायल की गति में परिवर्तन किया गया। ट्रायल की स्पीड बढ़ाई गई। पूरा दिन में मेट्रो के चार चक्कर लगाए जा रहे हैं। सभी स्थानों पर बारीकी से मेट्रो ट्रैक को चैक किया गया। यदि कहीं भी कोई मामूली दिक्कत मिलती है तो उसे तुरंत दूर करके गाड़ी को आगे बढ़ाया गया।
तीन महीने में पूरा होगा ट्रायल
दिसंबर से शुरू हुए मेट्रो के प्री-ट्रायल के बाद जनवरी में सुचारु ढंग से मेट्रो का ट्रायल होगा। इसके बाद तीन महीने तक लगातार ट्रायल चलेगा। उम्मीद है कि इसके बाद मेट्रो को आमजन के लिए चलाया जाएगा। मेट्रो चलने के बाद शहरवासियों और दिल्ली जाने वाले लोगों का सफर आसान हो जाएगा। इस समय दिल्ली जाने में लोगों का काफी समय बर्बाद होता है। वहीं, मेट्रो के चलने के बाद समय की भी बचत होगी और लोगों को सहूलियत भी मिलेगी।
क्या कहते हैं अधिकारी
डीएमआरसी के प्रोजेक्ट मैनेजर एसके गांजी का कहना है कि प्री-ट्रायल के बाद सुचारु ढंग से ट्रायल होगा। स्टेशनों पर फिनिशिंग का कार्य में भी तेजी लाई जा रही है। जल्द ही इस कार्य को पूरा कर लिया जाएगा।