फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मुंडका-बहादुरगढ़ रूट पर बजी मेट्रो की सिटी

विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

बहादुरगढ़।
मुंडका-बहादुरगढ़ रूट पर आखिरकार मेट्रो की सिटी बज ही गई। ओएचई लाइन और ट्रैक की टेस्टिंग के लिए शनिवार को मेट्रो ट्रेन दिल्ली से बहादुरगढ़ पहुंची। मुंडका से सिटी पार्क स्टेशन तक कई घंटों तक ट्रैक का प्री-ट्रायल हुआ। इस ट्रायल में ओएचई लाइन और ट्रैक पास हो गया। बहादुरगढ़ में पहली बार मेट्रो को देखकर स्थानीय लोग खुशी से झूम उठे। इस प्री-ट्रायल के साथ ही बहादुरगढ़ में मेट्रो सेवा शुरू होने का काउंट डाउन शुरू हो गया है। आगामी कुछ दिनों में फाइनल ट्रायल शुरू होगा और चंद महीनों बाद क्षेत्रवासियों के लिए यह सेवा उपलब्ध हो जाएगी।
मुंडका-बहादुरगढ़ मेट्रो परियोजना पर पिछले कई वर्षों से काम चल रहा है। लगभग 95 फिसदी काम हो चुका है। अब लोग बेसब्री से मेट्रो चलने का इंतजार कर रहे हैं। शनिवार को इस रूट पर मेट्रो चलने के बाद लोगों का इंतजार अब और कम हो गया है। दरअसल, डीएमआरसी ने ओएचई लाइन व ट्रैक की जांच के लिए शनिवार को मेट्रो का प्री-ट्रायल किया। दिल्ली के मुंडका से मेट्रो ट्रेन बहादुरगढ़ पहुंची। मुंडका से करीब साढ़े 11 बजे बहादुरगढ़ के लिए चली उक्त गाड़ी ने शहर में अप-डाउन का एक चक्कर लगाया। बेहद ही धीमी गति में चल रही गाड़ी में मौजूद अधिकारियों ने बारीकि से ट्रैक का निरीक्षण किया। तमाम सातों स्टेशन पर यह गाड़ी 15 मिनट तक रुकी। करीब दो घंटे बहादुरगढ़ में रहने के बाद मेट्रो वापस दिल्ली चली गई।
विज्ञापन


नहीं मिली कोई दिक्कत
एक अधिकारी ने बताया कि ट्रैक और प्लेटफार्म के बीच के डिस्टेंस, दरार, किनारों व ओएचई लाइन की सप्लाई के लिए यह प्री-ट्रायल किया गया। ओएचई लाइन बिलकुल ठीक है। स्पार्किंग या सप्लाई प्रभावित होने की कहीं दिक्कतें नहीं आई। प्लेटफार्म की सेटिंग भी सही है। थोड़ी बहुत जो खामियां हैं, उन्हें दो-चार दिन में दूर कर दिया जाएगा। अब कुछ ही दिनों में फाइनल ट्रायल शुरू होगा। पहले सीधी गाड़ी चलेगी। इसके बाद गाड़ी में भार बढ़ा कर ट्रैक का निरीक्षण किया जाएगा।

...तो अप्रैल में चलेगी मेट्रो
11.82 किलोमीटर का एलेवेटिड ट्रैक पूरी तरह से तैयार है। प्री-ट्रायल के अलावा 25 हजार केवी लाइन को चार्ज करने का काम भी पूरा कर लिया है। मेट्रो स्टेशनों पर सिर्फ फिनिशिंग का काम बाकी रह गया है। वैसे तो डीएमआरसी ने जून 2018 डेडलाइन तय की है, लेकिन अधिकारियों की मानें तो अप्रैल तक इस रूट पर मेट्रो गाड़ी चलने की प्रबल संभावना है।

मुंडका से बहादुरगढ़ तक ये सात स्टेशन
- मुंडका इंडस्ट्रियल एरिया स्टेशन (दिल्ली)
- घेवरा मोड़ स्टेशन (दिल्ली)
- टीकरी कलां स्टेशन (दिल्ली)
- टीकरी बार्डर मेट्रो स्टेशन (दिल्ली)
- एमआईई मेट्रो स्टेशन (बहादुरगढ़)
- बस स्टैंड मेट्रो स्टेशन (बहादुरगढ़)
- सिटी पार्क मेट्रो स्टेशन (बहादुरगढ़)

खुशी से झूमे शहरवासी
पहली बार मेट्रो बहादुरगढ़ पहुंची तो शहर के लोग भी खुशी से झूम उठे। अपने-अपने प्रतिष्ठानों की छतों पर चढ़कर लोगों ने मेट्रो की खूब वीडियो बनाई और फोटो खींची। शहर की निवासी जोशी ने बताया कि बहादुरगढ़ में मेट्रो को देखकर उनको बेहद खुशी हुई। उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही मेट्रो सेवा शुरू होगी। इससे उन्हें काफी लाभ होगा। उन्होंने बताया कि वह दिल्ली की एक कंपनी में काम करती हैं। फिलहाल वह मुंडका से मेट्रो में बैठती है। मोनिका राठी ने कहा कि दिल्ली के मुंडका मेट्रो स्टेशन तक पहुंचने में काफी परेशानी होती है। पैसे भी ज्यादा लगते हैं और समय भी बर्बाद होता है। बहादुरगढ़ तक मेट्रो चलने के बाद परेशानी कम हो जाएगी।

विकास को मिलेगी गति
बहादुरगढ़ क्षेत्र से हजारों लोग नौकरी पेशा व पढ़ाई के लिए दिल्ली जाते हैं। फिलहाल ये लोग या तो मुंडका से मेट्रो पकड़ते हैं या दूसरे साधनों के जरिये अपने गंतव्य तक पहुंचते हैं। मेट्रो चलने के बाद न केवल क्षेत्र के लोगों को बल्कि दिल्ली जाने वाले झज्जर, रोहतक आदि आसपास के क्षेत्र वासियों को लाभ मिलेगा।

मील का पत्थर साबित होगी मेट्रो
इस रूट पर मेट्रो परियोजना की डीपीआर से पहले सर्वेक्षण कार्य से जुड़े रहे बहादुरगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स इंडस्ट्रीज के संरक्षक सुशील का कहना है कि मेट्रो रेल सेवा अकेले बहादुरगढ़ ही नहीं बल्कि इस पूरे क्षेत्र के लिए मील का पत्थर साबित होगी। इलाके में विकास को गति मिलेगी।
प्रदेश सरकार कर रही डीएमआरसी का सहयोग : कौशिक
विधायक नरेश कौशिक ने कहा कि मेट्रो का टेस्ट रन सफल रहा। ट्रायल रन भी जल्द शुरू होगा। डीएमआरसी शीघ्र अति शीघ्र गाड़ी चलाने के लिए युद्धस्तर पर कार्यरत है। राज्य सरकार भी हर स्तर पर डीएमआरसी को सहयोग कर रही है। गुरुग्राम और फरीदाबाद के बाद बहादुरगढ़ हरियाणा का तीसरा ऐसा शहर बन गया जहां परिवहन के अत्याधुनिक साधन मेट्रो रेल ने दस्तक दे दी है।
विद्यार्थियों को होगी सुविधा
वैश्य बीएड कालेज की प्राचार्य डा. आशा शर्मा ने कहा कि मुंडका-बहादुरगढ़ मेट्रो सेवा शुरू होने से दिल्ली और बहादुरगढ़ के बीच परिवहन सेवा बहुत मजबूत हो जाएगी। इससे शिक्षा के क्षेत्र को भी लाभ मिलेगा। दिल्ली से बहादुरगढ़ और बहादुरगढ़ से दिल्ली जाने वाले विद्यार्थियों को सुविधा होगी।

ओएचई लाइन और ट्रैक पास
फिलहाल ओएचई लाइन और ट्रैक जांचने के लिए शनिवार को गाड़ी चलाई थी। इस प्री-ट्रायल में ओएचई लाइन व ट्रैक पास हो गए हैं। जो भी थोड़ी बहुत खामियां सामने आई हैं, उन्हें दूर करके अगले कुछ ही दिनों में फाइनल ट्रायल शुरू किया जाएगा। लगभग तीन महीने तक ट्रायल चलेगा। उसके बाद कभी भी बहादुरगढ़ वासियों के लिए मेट्रो की सेवाएं शुरू हो सकती हैं।
विज्ञापन

- अनुज गोयल, एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर कारपोरेट कम्युनिकेशन।

बोले- सांसद हुड्डा
सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने बहादुरगढ़-मुंडका मेट्रो के ट्रायल रन पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह सुविधा मिलने से बहादुरगढ़ निवासियों को कामकाज के लिए दिल्ली आने-जाने में काफी आराम हो जाएगा। अब वर्तमान सरकार को इस कार्य को जल्द सिरे चढ़ाने के लिए तेजी से कार्य करने चाहिए। हुड्डा ने कहा कि जहां-जहां मेट्रो पहुंचती है। वहां विकास और रोजगार के नए साधनों का सृजन होता है। उन्होंने कहा कि बहादुरगढ़ के लोगों की मांग पर उन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के कार्यकाल में डीएमआरसी को मुंडका से बहादुरगढ़ तक मेट्रो का विस्तार करवाने के लिए प्रस्ताव भिजवाया था।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें