राज्य स्तरीय तलवारबाजी प्रतियोगिता आज से
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
दादरी के घिकाड़ा रोड स्थित आर्यंस स्कूल में शुक्रवार को हरियाणा राज्य तलवारबाजी प्रतियोगिता का आयोजन होगा। इसके तहत सीनियर, अंडर- 23 और अंडर 12 आयुवर्ग में मुकाबले होंगे। ये प्रतियोगिता 10 दिसंबर तक चलेगी। ये जानकारी जिला तलवारबाजी संघ के अध्यक्ष एवं दादरी के एसडीएम ओमप्रकाश देवराला ने दी। उन्होंने बताया कि राज्य स्तरीय इस प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी जिलों की टीमें भाग लेंगी। प्रतियोगिता में विभिन्न तीन आयुवर्ग में मुकाबले होंगे। सीनियर वर्ग में अंडर- 23 और अंडर 12 आयुवर्ग शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि आठ दिसंबर को भिवानी के उपायुक्त डॉ. अंशज सिंह प्रतियोगिता का शुभारंभ करेंगे और हरियाणा राज्य तलवारबाजी संघ के प्रधान एनके सोलंकी विशिष्ट अतिथि होंगे। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान दादरी के उपायुक्त विजय कुमार सिदप्पा विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। उन्होंने बताया कि नौ दिसंबर को रोहतक के उपायुक्त डॉ. यश गर्ग मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत करेंगे। इस अवसर पर संघ के उप प्रधान एवं पानीपत के उप आबकारी एवं कराधान आयुक्त वीके बेनीवाल विशिष्ट अतिथि होंगे। एसडीएम ने बताया कि प्रतियोगिता के अंतिम दिन 10 दिसंबर को संघ के कार्यकारी प्रधान एवं यातायात विभाग के निदेशक विकास गुप्ता विजेताओं को पुरस्कृत करेंगे। इस अवसर पर संघ के उप प्रधान एवं जींद के उपायुक्त अमित खत्री व दादरी के उपायुक्त विजय कुमार सिदप्पा विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद रहेंगे।