रस्साकसी में दादरी की टीम ने फतेहाबाद को दी पटखनी
चरखी दादरी।
शहीद दलबीर सिंह राजकीय स्कूल में सोमवार से तीन दिवसीय प्रदेश स्तरीय रस्साकसी प्रतियोगिता शुरू हो गई। एसडीएम ओमप्रकाश देवराला ने ध्वजारोहण के बाद मार्च पास्ट कर रहे खिलाड़ियों की सलामी ली और उनको ईमानदारी व स्वस्थ खेल भावना से खेलने की शपथ दिलाई। प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में पहला मुकाबला पानीपत और कुरुक्षेत्र की टीमों के बीच खेला गया। इसमें पानीपत के खिलाड़ियों ने जीत हासिल की। महिला वर्ग में पहला मुकाबला दादरी व फतेहाबाद की टीम के बीच हुआ और इस मुकाबले में दादरी की महिला खिलाड़ियों ने फतेहाबाद को हराया।
एसडीएम ओमप्रकाश ने बताया कि प्रतियोगिता में रोहतक, हिसार, कुरूक्षेत्र, सिरसा, फतेहाबाद, सोनीपत व दादरी जिलों के महिला व पुरुष खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले माह ही नवगठित दारी जिला में पहली बार खेल महाकुंभ जिला स्तरीय प्रतियोगिता करवाई गई थी। उन्होंने कहा कि दादरी में हालांकि अभी पर्याप्त खेल सुविधाएं नहीं हैं, इसके बावजूद इस क्षेत्र के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हरियाणा का गौरव बढ़ा रहे हैं। गीता और बबीता फौगाट इसका अनुकरणीय उदाहरण है। खेल सुविधाओं के विस्तार के बारे में एसडीएम ने बताया कि गांव समसपुर में जिला स्तरीय स्टेडियम बनवाने का प्रस्ताव सरकार को भिजवा दिया गया है। जल्द ही इस विद्यालय परिसर में शिक्षा विभाग के सहयोग से इंडोर स्टेडियम बनवाने के लिए खेल विभाग के शीर्ष अधिकारियों से विचार विमर्श किया जाएगा।
इस अवसर पर केएन वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने पटाखों पर प्रतिबंध लगाने के फैसले पर लघु नाटिका प्रस्तुत की और राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने मनोहारी लोक नृत्य प्रस्तुत किया। खेल विभाग के उप निदेशक छाजुरात गोयत ने बताया कि हरियाणा में पहली बार जिला व राज्य स्तर पर खेल महाकुंभ का आयोजन किया जा रहा है और प्रदेश स्तर की कोई न कोई खेल प्रतियोगिता प्रत्येक जिले में करवाई जा रही है। उन्होंने बताया कि रस्साकसी प्रतियोगिता का समापन 18 अक्तूबर को होगा। समापन समारोह में बाढड़ा विधायक सुखविंद्र सिंह मांढ़ी मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित रहेंगे। समारोह की अध्यक्षता खेल विभाग के निदेश जगदीप सिंह करेंगे। इस अवसर पर जिला खेल अधिकारी राजबीर सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों के ठहरने व भोजन आदि का बेहतर प्रबंध किया गया है। इस मौके पर खंड शिक्षा अधिकारी जे पी संभ्रवाल, प्राचार्य सुरेश यादव, श्रीभगवान, धर्मबीर फौगाट, प्रीतम फौगाट, विष्णु भगवान, चेतन प्रकाश, सुंदर सिंह आदि मौजूद रहे।