अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
शादी समारोह में शुक्रवार रात शरीक होने गए बाढड़ा विधायक सुखविंद्र सिंह मांढ़ी के फोन पर अज्ञात ने फोन कर जान से मारने की धमकी दी। विधायक के पीए नसीब रावलधी ने फोन अटेंड किया था और उन्होंने मामले की लिखित शिकायत सिटी थाना पुलिस को दी। पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। वहीं, आरोपी का पता लगाने के लिए साइबर सेल को भी नंबर दिया गया। वहीं विधायक के पीए नसीब ने बताया कि शनिवार देर शाम दोनों पक्षों की आपसी गलतफहमी दूर हो गई।
जानकारी अनुसार विधायक सुखविंद्र पीए नसीब रावलधी और अन्य समर्थकों के साथ शुक्रवार शाम एक शादी समारोह में शरीक होने गए थे। इस दौरान विधायक के फोन पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल को पीए नसीब रावलधी ने अटेंड किया। फोन करने वाला शख्स जब दुर्व्यवहार करने लगा तो नसीब ने फोन काट दिया। इसके कुछ देर बाद उक्त युवक ने दोबारा फोन किया और फिर से गाली-गलौच करने लगा। जब विधायक के पीए नसीब ने इसका विरोध किया तो उक्त युवक ने जान से मारने की धमकी दी। इसके तुुरंत बाद पीए नसीब ने मामले की जानकारी सिटी थाना प्रभारी विकास ओलहान को दी। पुलिस प्रवक्ता भूदेव जांगड़ा ने बताया कि पुलिस ने जिस नंबर से कॉल आई थी वह साइबर सेल को सौंप दिया था।
पिछले साल भी मिली थी धमकी
गौरतलब है कि पिछले साल भी एक युवक ने विधायक सुखविंद्र मांढी को फोन कर धमकी दी थी। इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक युवक को दबोचा था। युवक ने गिरफ्तारी के बाद बताया था कि उसका रिश्तेदार उसे बार-बार शराब के नशे में गालियां और जान से मारने की धमकी दे रहा था इसी से परेशान होकर उसने अपनी कॉल को विधायक मांढी के मोबाइल नंबर पर डायवर्ट कर दिया था। जिसके बाद उक्त युवक ने जैसे ही उसके पास फोन किया वह विधायक मांढी के मोबाइल पर चला गया और उसने गालियां और जान से मारने की धमकी दे डाली थी।
दोस्त की जगह गलती से विधायक के फोन पर मिलाया फोन : नसीब
इस मामले को लेकर जब विधायक के पीए नसीब रावलधी से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि मामले की शिकायत पुलिस को देने के बाद उन्होंने अपने स्तर पर भी मामले की जांच की। इस दौरान पता चला कि धमरी देने वाला युवक नशे में धुत था और उसने अपने दोस्त को फोन करने की बजाय विधायक के नंबर पर कॉल लगा दी। नसीब रावलधी ने बताया कि अब दोनों पक्षों के गिले-शिकवे दूर हो चुके हैं।