अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर। जो जनप्रतिनिधि जनभावनाओं के अनुरूप अपने क्षेत्र में काम करवाता है वहीं जनप्रतिनिधि लोगों के बीच में आकर अपना हिसाब-किताब दे पाता है। प्रधानमंत्री ने देश भर में काम करवाए और अपना हिसाब-किताब दे रहे हैं। बादली से विधायक एवं प्रदेश के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने बादली विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों में दर्जन भर विकास परियोजनाओं की सौगात देने के बाद ग्रामीणों से सीधा संवाद करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि केबिनेट मंत्री के रूप में वो प्रदेश भर में तथा विधायक के रूप में बादली विधानसभा क्षेत्र में जनभावनाओं का आदर व सम्मान करते हुए विकास कार्य करवाए, इसलिए आज आपके बीच आकर दोबारा अपना हिसाब दे रहे हैं। कृषि मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का बजट आमजन के हितों को केंद्र बिंदु में रखकर बनाया जाएगा। हमारी सरकार की प्राथमिकता आमजन का जीवन स्तर सुधारना है। पहले भी किसान, गरीब, मजदूर, दुकानदार आदि के हित में निर्णय लिए हैं और भविष्य में आने वाला बजट भी कई सौगातें लेकर आएगा। उन्होंने कहा कि किसानों को फसल खराबे का सबसे अधिक मुआवजा हमारी सरकार ने दिया। ग्रामीण क्षेत्र के ढांचागत विकास को सुदृढ़ करते हुए ग्रामीणों को शहरी तर्ज पर मूलभूत सुविधाएं देने का काम किया।
इन गांवों को मिली विकास कार्यों की सौगात
प्रदेश के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ने मंगलवार को गुरु रविदास जयंती के अवसर पर बादली विधानसभा क्षेत्र के गांव रायपुर, दादनपुर, जैतपुर, मुबारिक पुर, तुंबाहेड़ी, धारौली और जटवाड़ा गांवों में पूरे हुए विकास कार्यों के उद्घाटन किए और नए विकास कार्यों की आधारशिला रखी। दौरे के दौरान मार्केटिंग बोर्ड के चेयरमैन लीलू पहलवान, जिप वाइस चेयरमैन योगेश सिलानी, एचएयू प्रबंधन बोर्ड सदस्य आनंद सागर, बिजेंद्र मांडोठी, अमित छनपड़िया, ब्लॉक चेयरमैन परमजीत, प्रकाश माजरा, प्रेम सुबाना , विनोद, भीष्मपाल सिंह, विकास वाल्मीकि सहित कई गांवों के पंचायत प्रतिनिधि तथा प्रशासनिक व विभागीय अधिकारी भी उपस्थित रहे।