अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। ओलावृष्टि एवं बरसात ने गांव घिकाड़ा में किसानों की उम्मीदों पर पूरी तरह से पानी फेर दिया है। इस प्राकृतिक आपदा के कारण खेतों में खड़ी गेहूं व सरसों की फसल पूरी तरह से बर्बाद हो गई है।
गांव के सरपंच सोमेश ने बताया कि गांव में वीरवार को हुई ओलावृष्टि से किसानों की फसलों में भारी नुकसान हुआ है। गांव के अधिकतर किसानों ने गेहूं व सरसों की फसल की बिजाई कर रखी है। कठिन मेहनत के बाद जब यह फसल पकने को तैयार हुई तो प्राकृतिक आपदा ने किसानों के अरमानों पर पानी फेर दिया है।
सरपंच ने बताया कि गांव में कई देर ओलावृष्टि हुई है जिससे किसानों की फसलें जमीन पर बिछ गई और बर्बाद हो गई है। सरपंच सोमेश ने कहा कि सरकार को चाहिए कि गांव में स्पेशल गिरदावरी करवाई जाए और जल्द से जल्द किसानों को मुआवजा दिया जाए ताकि किसानों की नुकसान की भरपाई हो सके ।