अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अजय सिंह तोमर ने कहा है कि लोकतंत्र का भविष्य युवा मतदाताओं पर निर्भर करता है। सुयोग्य जनप्रतिनिधियों का चयन करने के लिए प्रत्येक मतदाता को अपना वोट अवश्य देना चाहिए। तोमर शुक्रवार को जनता कालेज परिसर में राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर आयोजित सेमीनार को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है। यह हमारे लिए गौरव का विषय है कि भारत में लोकतांत्रिक व्यवस्था का लोहा पूरी दुनिया मानती है। यहां मतदाताओं की संख्या करीब 84 करोड़ है और इतनी जनसंख्या तो अमेरिका जापान, आस्ट्रेलिया जैस कई देशों को मिलाकर बनती है। मतदाता ही देश और प्रदेश की सरकार चुनते हैं और उसी के आधार पर जनकल्याणकारी योजनाएं बनाई जाती हैं। इसलिए मतदाताओं को अपना जनप्रतिनिधि सोच-समझ कर चुनना चाहिए। इसके लिए जरूरी है कि 18 वर्ष या इससे अधिक आयु के युवा अपना वोट बनवाएं और मतदान अवश्य करें। अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार ने कहा कि इस वर्ष में विधानसभा और लोकसभा देश और हरियाणा राज्य के दो बड़े चुनाव होने हैं। आमतौर पर आम जनता नगर पार्षद या पंचायत स्तर पर अधिक मतदान करते हैं और सांसद का चुनाव हो तो वोट प्रतिशत कम हो जाता है। हमारा लक्ष्य होना चाहिए कि प्रत्येक चुनाव में कम से कम 90 प्रतिशत तक मतदान हो। एसडीएम ओमप्रकाश देवराला ने इस मौके पर कहा कि दिव्यागों का अवश्य वोट बनवाना चाहिए। कालेज छात्र-छात्राएं अपने परिवार और आसपास के लोगों को वोट बनवाने और वोट डालने के लिए प्रेरित करें। इस बार चुनाव में वोटिंग मशीन के साथ वीवीपैट भी लगाया जाएगा जिसमें वोट डालने के पश्चात सात सेकंड तक मतदान की पुष्टि हो सकती है। उपायुक्त ने कालेज विद्यार्थियों और उपस्थित स्टाफ सदस्यों को लोकतंत्र मजबूत करने की शपथ दिलवाई। काव्य पाठ में छात्रा इंदु, किरण और सोनिया और भाषण में मोहित, सरिता व जतिन को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में सर्वश्रेष्ठ कार्य करने वाले बीएलओ व सुपरवाइजर को भी सम्मानित किया गया। इस मौके पर सतीश कानूनगो, शमशेर सिंह, डा. पुष्पेंद्र गोयल, प्रो. सुरेश जांगिड़, नीरज गर्ग, प्रो. कमलनयन आदि मौजूद रहे।