पालतू पशु छोड़ने पर पंचायत लगाएगी 5100 रुपये तक जुर्माना
अमर उजाला ब्यूरो
बाढड़ा। गांव भांडवा में लावारिस पशुओं के मसले पर मंगलवार को पंचायत का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता सरपंच राकेश कुमार ने की। पंचायत में फैसला लिया गया कि जो भी पशुपालक अपने पशु को खुला छोड़ेगा उस पर 1100 से 5100 रुपये जुर्माना लगाया जाएगा।
पंचायत मेें सरपंच राकेश कुमार ने कहा कि इस समय गांव और आसपास के एरिया में बड़ी संख्या में लावारिस पशु घूम रहे हैं। इन पशुओं को गोशाला में भेजना ही उचित है। यह पशु रबी की फसलों में नुकसान पहुंचाते हैं। किसानों को दिनभर अपने खेतों में फसलों की रखवाली करनी पड़ती है। इसके बावजूद लावारिस पशु खेती में नुकसान पहुंचा रहे हैं। कड़ाके की सर्दी में किसानों को फसलों की रखवाली करनी पड़ रही है। ऐसे में किसान बेहद परेशान हैं।
सरपंच राकेश ने बताया कि गांव आसपास से काफी संख्या मेें लावारिस पशुओं को नावा की ढाणी स्थित गोशाला में भिजवा दिया गया है और शेष लावारिस पशुओं को भी जल्द ही गोशाला में भिजवाया जाएगा। सरपंच ने बताया कि इसके लिए ग्रामीणों की ओर से चंदा एकत्र किया गया है। सरपंच ने कहा कि लावारिस पशुओं की निगरानी के लिए ग्रामीण सजग रहेंगे। यदि कोई भी व्यक्ति लावारिस पशु छोड़ेगा तो उस पर जुर्माना लगाया जाएगा। यह जुर्माना 1100 से 5100 रुपये तक लगाया जाएगा। इस अवसर पर प्रहलाद, रामकिशन, सुरेंद्र, रामपत, सुनिल, प्रवीन, धर्मपाल, रामौतार ,सतीश, मीरसिंह, महावीर, रामपत, शमशेर, धनसिंह व संदीप आदि मौजूद थे।