बहादुरगढ़ (ब्यूरो)। सांपला स्टेशन के नजदीक गेटमैन के साथ शनिवार की रात मारपीट कर मोबाइल छीनने वाले चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। सोमवार को अदालत में पेश करने के बाद इन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
शनिवार की रात सांपला रेलवे फाटक पर गेटमैन अरविंद ड्यूटी पर था। करीब साढ़े 12 बजे चार युवक वहां आए और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के बाद युवक उसका मोबाइल छीन ले गए। इस मामले में सांपला पुलिस ने दो आरोपियों को उसी दौरान काबू कर लिया और जीआरपी बहादुरगढ़ के हवाले कर दिया। उक्त दोनों के जरिये पुलिस अन्य दो आरोपियों तक भी पहुंची। आरोपियों की पहचान दीपक, राजकुमार, राकेश व दीपक के तौर पर हुई है। चारों सांपला के निवासी हैं। जीआरपी प्रभारी जयपाल ने बताया कि चारों के खिलाफ मारपीट, छीना झपटी व सरकारी काम में बाधा डालने की धाराओं के तहत केस दर्ज है। सोमवार को इन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।