झज्जर। मालियावास गांव के खेतों में बिजली की लाइन के तार खींचते समय करंट की चपेट में आए युवकों की मौत के मामले बिजली निगम के ठेकदार, जेई और एसडीओ के खिलाफ पुलिस ने लापरवाही व गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। खाचरौली गांव निवासी कृष्ण के चाचा के लड़के वेद प्रकाश पुत्र टेकचंद के बयान पर पुलिस ने तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर बुधवार को सामान्य अस्पताल में शवों का पोस्टमार्टम करवाया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव मृतकों के परिजनों के हवाले कर दिए हैं। घटना मंगलवार दोपहर की होने के बाद भी मृतकों के परिजनों ने बुधवार को अपने बयान दर्ज करवाए हैं। उसके बाद ही पुलिस ने मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम करवाया है।
ये था मामला
खाचरौली गांव निवासी मनोज पुत्र अजीत और कृष्ण पुत्र रामनिवास बिजली निगम में काम करने वाले ठेकेदार के पास काम करते थे। मंगलवार को वे मालियावास गांव में खेतों की लाइन के तार खींच रहे थे। उस दौरान उन्होंने एलटी लाइन को तो हैंडल डालकर लाइन को बंद कर दिया था। लेकिन ऊपर से गुजर रही हाई टेंशन लाइन को बंद नहीं करवाया गया था। क्योंकि जेई हड़ताल पर होने के कारण परमिट नहीं मिल पाया था। जिसके कारण तार खींचते समय ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से छू गया और खंभे पर चढ़कर तार खींच रहा कृष्ण और नीचे से तार पकड़ा रहा मनोज दोनों करंट की चपेट में आ गए और करंट से झुलस गए। घटना में दोनों युवकों की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी।
मृतक कृष्ण के चाचा के लड़के के बयान पर जेई, एसडीओ और ठेकेदार के खिलाफ धारा 304 ए तथा आईपीसी 304 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया हे। मामले की हर पहलू को देखते हुए जांच की जा रही है।
- सुंदर पाल, पुलिस चौकी प्रभारी, सासरौली।