झज्जर। शहर के राजकीय स्नातकोत्तर नेहरू महाविद्यालय में मंगलवार को प्राचार्या दीपा कुमारी की अध्यक्षता में विद्यार्थियों की आम सभा आयोजित की गई और छात्र संघ चुनाव के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
प्राचार्य दीपा कुमारी ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्वक आयोजित करने में विद्यार्थी सहयोग करें। छात्र संघ का वास्तविक उद्देश्य विचार विमर्श के माध्यम से शिक्षण संस्था की प्रगति में भागीदारी है। चुनाव अधिकारी डॉ. एसजेडएच नकवी ने चुनाव के बारे में विद्यार्थियों को आवश्यक जानकारी दी तथा उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।
परीक्षा में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी बने कक्षा प्रतिनिधि
मीडिया प्रभारी डॉ. अमित भारद्वाज ने बताया कि जिन कक्षाओं में एक भी नामांकन पत्र प्राप्त नहीं हुआ या नामांकन रद्द होने के कारण अब कोई उम्मीदवार शेष नहीं रहा, उन कक्षाओं में पिछले शैक्षणिक सत्र की परीक्षा में सबसे ज्यादा अंक प्राप्त करने वाले 13 विद्यार्थियों को बिना चुनाव के सीधे कक्षा प्रतिनिधि के तौर पर मनोनीत कर दिया गया है। इसमें बीए अंग्रेजी आनर्स द्वितीय वर्ष से पूजा, बीए अंग्रेजी आनर्स तृतीय वर्ष से सिमरन, बीकॉम तृतीय वर्ष से आरती यादव, बीसीए प्रथम वर्ष से आकांक्षा, बीसीए तृतीय वर्ष से रोहित, बीएससी कंप्यूटर विज्ञान प्रथम वर्ष से रूकमणि, बीएससी कंप्यूटर विज्ञान तृतीय वर्ष से वजीर सिंह, बीएससी मेडिकल तृतीय वर्ष से पूजा, एमए अंग्रेजी प्रथम वर्ष से खुशबू, एमए मनोविज्ञान द्वितीय वर्ष से अन्नू, एमएससी गणित द्वितीय वर्ष से साधना, एमएससी कंप्यूटर विज्ञान प्रथम वर्ष से सुमन तनेजा, एमएससी कंप्यूटर विज्ञान द्वितीय वर्ष से मीनाक्षी शामिल हैं।
बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी भी मनोनीत
विभिन्न क्षेत्रों में बेहतरीन प्रदर्शन करने के लिए एनसीसी से बीए तृतीय वर्ष की ज्योति, महिला प्रकोष्ठ से बीए द्वितीय वर्ष की पूजा, खेल कूद से बीए प्रथम वर्ष की ज्योति, एनएसएस से एमकॉम द्वितीय वर्ष केे धीरज कुमार तथा सांस्कृतिक गतिविधि से बीए द्वितीय वर्ष की जया को भी मनोनीत किया गया है लेकिन इनको विद्यार्थी परिषद में मतदान का अधिकार नहीं होगा।
ये विद्यार्थी हुए निर्विरोध निर्वाचित
बीए तृतीय वर्ष में रोहन छिक्कारा, बीए द्वितीय वर्ष इतिहास आनर्स में सोनिया, बीकॉम द्वितीय वर्ष में काजल, बीबीए प्रथम वर्ष में विवेक, बीबीए द्वितीय वर्ष में जितेेंद्र, बीएससी प्रथम वर्ष मेडिकल में अखिल, बीएससी द्वितीय वर्ष नॉन मेडिकल में मोनिका, बीएससी द्वितीय वर्ष मेडिकल में विनोद, बीएससी द्वितीय वर्ष कंप्यूटर विज्ञान में शीतल, बीएससी तृतीय वर्ष नॉन मेडिकल में मीनू, एमए हिन्दी प्रथम वर्ष में सुषमा, एमए हिन्दी द्वितीय वर्ष में दीपक कुमार, एमकॉम प्रथम वर्ष में अनु तथा एमकॉम द्वितीय वर्ष में कन्हैया, एमएससी गणित प्रथम वर्ष में अंकित, एमए मनोविज्ञान प्रथम वर्ष में रचना और पीजीडीजेएमसी में ललित सहित कुल 17 उम्म्म्मीदवारों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।
चुनाव कैसे होगा
पहले बीए प्रथम वर्ष, बीए द्वितीय वर्ष, बीकॉम प्रथम वर्ष, बीबीए तृतीय वर्ष और बीएससी नान मेडिकल प्रथम वर्ष सहित पांच कक्षाओं के लिए बुधवार को सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक मतदान होगा। दोपहर एक बजे तक परिणाम घोषित कर दिया जाएगा। इसके बाद दूसरे चरण के चुनाव के लिए सभी 35 निर्वाचित कक्षा प्रतिनिधि तथा मनोनीत प्रतिनिधि दोपहर दो बजे महाविद्यालय के आडोटोरियम में एकत्रित होंगे। निर्वाचित कक्षा प्रतिनिधियों में से ही विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारियों प्रधान, उप प्रधान, सचिव, संयुक्त सचिव तथा पांच अन्य कार्यकारी सदस्यों का चुनाव होगा। नेहरू कॉलेज में उप प्रधान का पद महिला उम्मीदवार तथा सचिव का पद अनुसूचित जाति उम्मीदवार के लिए आरक्षित किया गया है। पदाधिकारियों तथा कार्यकारी सदस्यों के चुनाव के लिए शाम को चार बजे तक नामांकन पत्र भरे जाएंगे। साढ़े चार बजे तक उम्मीदवारों की सूची जारी की जाएगी तथा पांच बजे तक आपत्तियां स्वीकार की जाएगी और नामांकन पत्रों की जांच होगी। शाम को छह बजे तक नाम वापस लिया जा सकता है। यदि आवश्यक हुआ तो इसके बाद मतदान होगा और मतगणना के बाद विद्यार्थी परिषद का विधिवत गठन होगा। विद्यार्थी परिषद का कार्यकाल 30 अप्रैल 2019 तक का होगा।