निरीक्षण कअमर उजाला ब्यूरो
झज्जर। मतदान केंद्रों पर शनिवार से आरंभ हुए दो दिवसीय विशेष शिविर के पहले दिन झज्जर शहर में विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। झज्जर शहर में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, पुरानी तहसील परिसर स्थित पटवार भवन तथा राजकीय प्राथमिक पाठशाला, छावनी मोहल्ला स्थित मतदान केंद्रों पर जिला निर्वाचन अधिकारी ने दौरा किया। निरीक्षण के दौरान रावमावि की नई बिल्डिंग में मतदान केंद्र संख्या 70, 78, 79 तथा 80 पर बीएलओ गैरहाजिर मिले, उपायुक्त ने तुरंत संज्ञान लेते हुए अनुपस्थित बीएलओ को कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा विभागीय कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
- निरीक्षण से पहले चेताया था डीसी ने
शनिवार को डीसी सोनल गोयल के द्वारा किए गए निरीक्षण पूर्व निर्धारित था। जिसके बावजूद बीएलओ की ड्यूटी पर तैनात कर्मियों ने लापरवाही बरती। वहीं डीसी सोनल गोयल ने शुक्रवार को जारी किए आदेशों में कहा था कि अधिकारी बूथों की चेकिंग करने जाएंगी।
- 31 अक्तूबर तक चलेगा पुनरीक्षण कार्य
जिले में 31 अक्तूबर तक मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य चल रहा है। रोहतक मंडल के आयुक्त पंकज यादव मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य के लिए जिला के पुनरिक्षक नियुक्त हैं उनके निर्देश पर जिला की सभी चार विधानसभा क्षेत्रों के 798 मतदान केंद्रों पर 22 व 23 सितंबर को पुनरीक्षण कार्य को लेकर विशेष शिविर आयोजित किए गए हैं। दो दिवसीय विशेष शिविर पर बीएलओ पहली जनवरी 2019 तक 18 वर्ष आयु पूर्ण करने वाले युवाओं का पंजीकरण, मतदाता सूची से त्रुटि दूर करने तथा किसी भी प्रकार की दावा व आपत्ति दर्ज करेंगे।
- 13 व 14 अक्तूबर को भी लगेंगे विशेष शिविर
जिले में इन दो दिनों के अतिरिक्त आगामी अक्टूबर माह के दौरान 13 व 14 तारीख को भी सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित होंगे। डीसी उपायुक्त गोयल ने कहा कि सभी विधानसभा क्षेत्रों में निर्वाचक पंजीयन अधिकारी, सहायक निर्वाचक पंजीयन अधिकारी तथा सुपरवाइजर विशेष शिविर के दौरान मतदान केंद्रों का निरीक्षण करेंगे। साथ ही राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में सहयोग करने की अपील की गई है। राजनीतिक दलों की ओर से मतदान केंद्रों पर बीएलओ के सहयोग के लिए बीएलए नियुक्त किए जाएंगे।
रावमावि की नई बिल्डिंग में मतदान केंद्र संख्या 70, 78, 79 तथा 80 पर बीएलओ गैरहाजिर मिले थे। जिस पर अनुपस्थित रहने वाले बीएलओ को कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा विभागीय कार्रवाई करने के निर्देश दिए।