बंद सीसीआई फाटक पर अंडरपास निर्माण को मिली मंजूरी
चरखी दादरी। शहर के गांधी नगर में रेलवे स्टेशन के समीप बंद सीसीआई फाटक पर अंडरपास निर्माण को राज्य सरकार ने मंजूरी दे दी है। चीफ इंजीनियर पीडब्ल्यूडी विभाग चंडीगढ़ ने रेलवे प्रशासन जयपुर को इस्टीमेट तैयार करवाने के बारे में पत्र लिखा है। यह अंडरपास 3.5 मीटर चौड़ा बनेगा। उल्लेखनीय है कि गांधी नगरवासी लंबे समय से आंदोलन करते आ रहे थे और इस मांग को लेकर रेलवे ट्रैक भी जाम कर चुके हैं। इस मामले में इनेलो विधायक राजदीप फौगाट सहित करीब सात लोगों पर केस भी दर्ज है।
शहर की गांधी कालोनी में सीसीआई फाटक एलसी - 34 काफी समय पूर्व बंद कर दी गई थी जिससे लोगों को बाजार में आवागमन में परेशानी आने लगी। इसके बाद कालोनी के लोगों ने यहां अंडरपास निर्माण की मांग उठाई। प्रदेश में भाजपा सरकार के सत्ता में आने के कुछ समय बाद ही यहां अंडरपास निर्माण को मंजूरी मिल गई थी लेकिन बाद में यह प्रोजेक्ट खटाई में पड़ गया था। यह अंडरपास निर्माण न होने पर लोगों में रोष बढ़ने लगा था। गांधी नगर के लोगों ने रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक को भी जाम कर दिया था। सितंबर 2017 में सीएम के समक्ष भी अंडरपास निर्माण की मांग रखी गई थी।
भाजपा जिला अध्यक्ष रामकिशन शर्मा ने बताया कि राज्य सरकार ने गांधी नगर में रेेलवे स्टेशन के पास अंडरपास निर्माण को मंजूरी दे दी है। रेलवे प्रशासन को इस बारेे में एस्टीमेट तैयार करने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि इस प्रोजेक्ट की खर्च राशि राज्य सरकार वहन करेगी।
लोगों ने जताई खुशी
गांधी नगर के वरिष्ठ नागरिक रामगोपाल चेतनपुरिया, भूपेंद्र कौशिक, शिवनारायण, मुकंद लाल, बजरंग संतोखपुरिया, आनंद मुद्गिल, मोहनलाल, भाजपा नगर अध्यक्ष प्रदीप चिडिय़ावाला, महामंत्री एडवोकेट सौरभ, संजय, नरेंद्र दिल्लीवान, हरीश, हंसराज, राजकुमार, राहुल, सुनील, पवन, दिनेश, सुमित, अतुल, गोविंद, सागरमल, विनोद, अतुल बधवानिया, विजयमोहन, महेंद्र, गिरिशचंद्र, बबलू, रीना दिल्लीवान आदि ने अंडरपास की मंजूरी मिलने पर राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना की है।