‘द कॉफी टेबल बुक’ थीम पर आधारित बुक देगी 22 जिलों की जानकारी
चरखी दादरी।
सरकार के निर्देशों पर शहरी स्थानीय निकाय निदेशालय प्रदेश के 22 जिलों में निरीक्षण के लिए सर्वे टीमें भेजेगा। ये टीमें हर एक जिले से जुड़ी पुरानी इमारतों, धरोहरों, धार्मिक स्थलों व जिले में प्रसिद्ध व्यंजनों की जानकारी जुटाएंगी। इसके बाद ‘द कॉफी टेबल बुक’ थीम पर सरकार की ओर से हर जिले से संबंधित विवरण समेटी एक बुक प्रकाशित कराई जाएगी। इसी कड़ी में शनिवार को सर्वे टीम चरखी दादरी पहुंच गई। नगर परिषद अधिकारियों के साथ टीम ने करीब एक दर्जन जगहों का निरीक्षण किया और इनसे जुड़ी जानकारियां हासिल की। टीम सदस्यों का कहना है कि मई माह के अंत तक सर्वे कर डाटा जुटाने की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी । जून या जुलाई माह में हर जिले से जुड़ी पुस्तक अलग से प्रकाशित की जाएगी।
एमडीआई इंस्टीट्यूट की टीम सर्वे के लिए शनिवार सुबह करीब 10 बजे नगर परिषद कार्यालय पहुंची। यहां से जेई गंगाधर सहित अन्य कर्मचारियों के साथ पहले टीम बधवाना गेट क्षेत्र स्थित राजकीय स्कूल पहुंची। टीम को स्कूल शिक्षक ने बताया कि यह बिल्डिंग 1931 में तैयार की गई थी और इसके विद्यार्थी खेल व राजनीति सहित अन्य क्षेत्रों में अपनी पहचान बना चुके हैं। यहां टीम ने फोटोग्राफी भी की। इसके बाद टीम ने हनुमान बगीची, श्यामसर तालाब, रेस्ट हाउस मंदिर, रेलवे स्टेशन व करीब एक दर्जन अन्य जगहों का निरीक्षण किया।
टीम सदस्य अर्जुन कुमार ने बताया कि उन्हें शहरी स्थानीय निकाय निदेशालय की तरफ से इस संबंध में निर्देश जारी हुए हैं। अर्जुन कुमार ने बताया कि प्रदेश सरकार के निर्देशों पर सभी 22 जिलों में जानकारियां जुटाने के लिए टीमें पहुंचेंगी और इस पर काम शुरू हो चका है। टीम सदस्य ने बताया कि इस काम में नगर परिषद, नगर पालिका या नगर निगम के अधिकारियों की मदद ली जा रही है। सरकार जल्द ही द कॉफी टेबल बुक थीम पर सभी 22 जिलों की अलग-अलग पुस्तक प्रकाशित करेगी और इसमें जिले के प्रसिद्ध व्यंजनों, ऐतिहासिक स्थलों, ऐतिहासिक धरोहर व जिले से जुड़ी तमाम जानकारियां होंगी।
वर्जन::
हम टीम की डाटा जुटाने में मदद कर रहे हैं। इस संबंध में हमें उच्चाधिकारियों से पत्र भी प्राप्त हुआ है। पहले दिन टीम ने दादरी शहर की करीब एक दर्जन जगहों का निरीक्षण भी किया।
गंगाधर, जेई, नगर परिषद