अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
मानुषी छिल्लर के मिस वर्ल्ड-2017 का खिताब जीतने की खबर इलाके में तेजी से फैल गई। पैतृक गांव बामनोली के तमाम घरों में मानुषी की जीत की चर्चा होने लगी। गांव व शहर के लोग बेहद खुश हुए। गत 25 जून को मिस इंडिया का खिताब जीतने के बाद 3 जुलाई को मानुषी अपने पैतृक गांव आई थी। उस समय गांव की बेटी का ग्रामीणों ने गर्मजोशी से स्वागत किया था।
दरअसल बहादुरगढ़ का गांव बामनोली फेमिना मिस वर्ल्ड-2017 मानुषी छिल्लर का पैतृक गांव है। 14 मई 1997 को दिल्ली में जन्मी मानुषी के परदादा मुंशीराम दशकों पहले गांव छोड़कर दिल्ली चले गए थे। इसके बाद आगे की पीढ़ियां दिल्ली में ही रहीं। मानुषी के पिता मित्र वसु और मां नीलम दिल्ली के एक अस्पताल में डॉक्टर हैं। दिल्ली में पली-बढ़ी मानुषी ने स्कूली पढ़ाई दिल्ली के ही सेंट थॉमस स्कूल से पूरी की। उसके बाद सोनीपत जिले के खानपुर स्थित भगत फूल सिंह विश्वविद्यालय से एमबीबीएस की पढ़ाई की। पढ़ाई के साथ-साथ बचपन से ही मानुषी की नृत्य एवं सौंदर्य प्रतियोगिताओं में खास रुचि रही। कच्चीपुड़ी में महारत हासिल मानुषी मिस हरियाणा भी रह चुकी हैं। मिस हरियाणा के बाद मानुषी ने अगला कदम मिस इंडिया के लिए आगे बढ़ाया। गत 25 जून की रात मुंबई में हुई फेमिना मिस इंडिया का खिताब प्रतियोगिता चल रही थी तो यहां के लोग भी काफी उत्साहित थे। जैसे ही मानुषी ने फे मिना मिस इंडिया क ा खिताब जीता तो लोगों को विश्वास हो गया था कि मानुषी मिस वर्ल्ड बनेगी।
अब मानुषी की इस सफलता से देश में हरियाणा का कद और ऊंचा हो गया। मानुषी क ी इस उपलब्धि से बहादुरगढ़ में खुशी की लहर दौड़ गई। दिनभर इलाके में मानुषी के खिताब जीतने की चर्चांएं चलती रही। तमाम सोशल साइट्स पर लोग मानुषी की जीत के लिए एक-दूसरे को बधाई दे रहे थे। गांव की बेटी के इतने बड़े मुकाम पर पहुंच जाने पर बामनोली वासी गदगद हो गए। ग्रामीण बिल्लू व जसबीर ने बताया कि गांव के लिए यह बेहद ही गौरव की बात है कि गांव की बेटी ने इतना बड़ा मुकाम हासिल किया है। उन्होंने कहा कि मिस इंडिया का खिताब जीतकर मानुषी 3 जुलाई को अपने गांव आई तो ग्रामीणों ने और खुद मानुषी ने गांव के प्राचीन मंदिर में पूजा कर मिस वर्ल्ड बनने के लिए मन्नत मांगी थी। ग्रामीणों ने भी मानुषी को खुले हृदय से आशीर्वाद दिया था। मिस वर्ल्ड का खिताब जीतने के बाद जसबीर ने कहा कि मानुषी को जल्द ही गांव लेकर आएंगे और बेटी का शानदार स्वागत किया जाएगा।
कई राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय सौंदर्य प्रतियोगिताओं का आयोजन कर चुके रूबरू हरियाणा टैलेंट प्रोमोटिंग ग्रुप के प्रमुख बहादुरगढ़ निवासी संदीप आर्टिस्ट ने भी 25 जून को विश्वास व्यक्त किया था कि मानुषी मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में भी देश के लिए खिताब जीतेंगी। शनिवार को संदीप ने कहा कि वह मानुषी को बेहद अच्छी तरह जानते हैं। कई बार उनसे व उनके परिवार से मिल चुके हैं। उन्होंने बताया कि मानुषी बेहद ही प्रतिभाशाली है। इससे पहले भी कई सौंदर्य प्रतियोगिताओं में भाग ले चुकी हैं।
-
पैतृक गांव के मंदिर में मांगी मानुषी की मुराद हुई पूरी
-बेटी के मिस वर्ल्ड बनने पर गदगद हुए बामनोली के लोग
---फोटो 15 : तीन जुलाई को जब मानुषी बामनोली आई तो हाथ जोड़कर किया सभी का अभिवादन।
े---फोटो 16 : महिलाओं ने फूलों की बरसात कर स्वागत किया था मानुषी का।
---फोटो 17 : मानुषी के साथ सेल्फी लेती गांव की महिलाएं।
---फोटो 18 : पूर्वजों द्वारा बनाए मंदिर में शिवलिंग पर जलाभिषेक किया था मानुषी ने।
---फोटो 19 : मानुषी की झलक पाने के लिए बेताब थीं गांव की महिलाएं।
---फोटो 20 : मां नीलम भी बामनोली पहुंची थी मानुषी के साथ।
---फोटो 21 : गांव की युवतियां भी मानुषी के साथ खड़ी होकर हुई थी गौरवान्वित।
--------------