कीटनाशक के छिड़काव से कपास की फसल खराब, किसानों ने रोष
अमर उजाला ब्यूरो
बाढड़ा ।
उपमंडल के गांव गोपी में किसान की छह एकड़ मेें खड़ी कपास की फसल कीटनाशक के प्रभाव से खराब हो गई। फसल खराब होने पर गांव के किसानों ने रोष जताकर प्रशासन से पीड़ित को मुआवजा देने की मांग की है। इसे लेकर किसान सोमवार को अधिकारियों से मिलकर फसल की जांच कर मुआवजा देने की मांग करेंगे।
गांव गोपी निवासी युवा किसान अजय कुमार ने बताया कि उसने खेत में छह एकड़ में कपास की फसल की बिजाई कर रखी है। फसल में कीटों के प्रकोप को बढ़ते देख उसने पांच रोज पूर्व बाढड़ा स्थित एक निजी खाद-बीज भंडार से कीटनाशक लेकर कपास की फसल में उसका छिड़काव किया था लेकिन छिड़काव के दो दिन बाद ही कपास में प्रतिकूल असर दिखाई देने लगा। बाद में कपास की फसल जलने लगी। अब फसल बिलकुल नष्ट होने की कगार पर पहुंच गई है। किसान रामफल, राजेंद्र शर्मा, सुखबीर शर्मा, सुनील पंचगांव, ओमबीर, बलवान, भूप सिंह, सोमबीर डागर, राहुल श्योराण, सूरजभान व जगदीश आदि ने फसल नष्ट होने पर जताकर पीड़ित किसान को मुआवजा देने की मांग की है।