अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर।
शहर की नई सरकार का अभी साल भी पूरा नहीं हुआ है कि खींचतान और शक्ति प्रदर्शन का दौर शुरू हो गया है। इसी के तहत सोमवार को बजट मीटिंग में हिसाब मांगने की बजाए विपक्षी पार्षदों ने मीटिंग का बायकॉट करना ज्यादा मुनासिब समझा। मीटिंग का बायॅकाट करने वालो में 5 कांग्रेसी पार्षदों के साथ भाजपा जिला सचिव मनीष बंसल की मां पार्षद निर्मला देवी भी शामिल रही।
बैठक में पिछले साल के दौरान हुई आय और खर्च का ब्यौरा प्रधान के द्वारा पेश किया जाना था तो वहीं वर्तमान वित्त वर्ष की योजनाओं पर भी चर्चा होनी थी। बजट मीटिंग में 19 में से केवल 13 पार्षदों ने हिस्सा लिया। जोकि कोरम पूरा होने के लिए काफी था। वहीं, सरकार के द्वारा मनोनीत दो पार्षदों विकास नांदल और महाबीर सैनी को भी सोमवार को शपथ दिलाई गई। हालांकि इन दोनों पार्षदों को अविश्वास प्रस्ताव जैसे मौकों पर वोटिंग का अधिकार नहीं रहेगा, लेकिन मीटिंग में कोरम पूरा करने में इनका योगदान रहेगा।
विकास कार्यों में अनेदखी का आरोप
कांग्रेसी पार्षदों के द्वारा नपा प्रधान पर विकास कार्यों में अनदेखी का आरोप लगाया है। पूर्व चेयरमैन और पार्षद पति दिनेश यादव ने बताया कि शहर के विकास कार्यों में उनकी अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि उनकी एक पुलिया बनाने के लिए नपा के पास बजट नहीं होता। लेकिन नपा कार्यालय में 80 हजार की लागत से कैमरे लगवा दिए जाते हैं, जोकि सरासर गलत है।
मंत्री से करूंगा मुलाकात : बंसल
भाजपा जिला सचिव और पार्षद पुत्र मनीष बंसल का कहना है कि शहर में विकास का कोई कार्य होता नहीं दिख रहा। चेयरमैन प्रतिनिधि उमेश नंदवानी को अनुभव नहीं है, जिसके चलतेे ऐसा हो रहा है। बसंल ने कहा कि वे अपनी मनमर्जी चला रहे हैं, जोकि गलत है। बसंल ने बताया कि मंत्री ओपी धनखड़ के विदेश दौरे से लौटते ही वे इस बारे में उनसे मुलाकात करेंगे। कांग्रेसी पार्षदों के साथ बायकॉट में हिस्सा लेने पर बंसल ने कहा कि सभी जनता प्रतिनिधि हैं और सभी को बात रखने का अधिकार है।
बेबुनियाद आरोप, हर वार्ड में हो रहा है विकास
चेयरमैन प्रतिनिधि उमेश नंदवानी ने बताया कि हर वार्ड में एक समान विकास के लिए पांच लाख रुपये के टेंडर छोड़े जाने हैं। विकास को लेकर शहर में कोई दिक्कत नहीं है। नपा में हर पार्षद को महत्व दिया जा रहा है, चाहे वह विपक्ष से ही क्यों न हो। नंदवानी ने बताया कि भवन निर्माण और प्रापर्टी ट्रांसफर की फाइलें पिछली मीटिंग के बाद पास की गई हैं।
साल 2017-18 में होगी नौ करोड़ 12 लाख की अनुमानित आय
नपा की बजट मीटिंग में सचिव नरेंद्र सैनी ने नपा की अनुमानित आय के बारे में ब्यौरा देते हुए बताया कि साल 2017-18 में 9 करोड़ 12 लाख की अनुमानित आय रहेगी। जिसमें से 9 करोड़ 5 लाख रुपये नपा के द्वारा खर्च किए जाएंगें। आय के साधनों में डेवलपमेंट चार्ज, स्टांप ड्यूटी, प्रॉपटी टैक्स, दुकानों का रेंट, हाऊस टैक्स, लाईसेंस फीस शामिल रहेंगे। वहीं खर्च में कर्मचारियों की तनख्वाह, स्ट्रीट लाइट बिल, पार्क मेंटीनेंस, सफाई कर्मियों की तनख्वाह, दमकल विभाग के बिल को शामिल किया गया है।
- साल पूरा होने से पूर्व ही शक्ति प्रदर्शन, अविश्वास के लिए जोड़-तोड़ शुरू
- वर्ष 2017-18 में नौ करोड़ 12 लाख की अनुमानित आय पर खर्च होंगे 9 करोड़ 5 लाख