बहादुरगढ़। नेशनल हाईवे-9 पर एनएचएआई ने 80 सीसी प्रोजेक्ट के तहत पहले फेज में दिल्ली-रोहतक रोड पर रोहद टोल से 600 मीटर की दूरी पर वाहनों की मॉनीटरिंग के लिए दो कैमरे लगाए हैं। कैमरे लगाने के लिए एनएचएआई ने गुरुग्राम की एक कंपनी को ठेका दिया है। टीम इंचार्ज राहुल ने बताया कि यह पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर सबसे पहले यहां पर लगाया जा रहा है। अगर इस कैमरे के लगाने से एनएचएआई को मॉनीटरिंग व अन्य चीजों को ध्यान रखते हुए सुविधा मिलेगी लाभ होगा तो इस प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाया जाएगा। हाईवे के दोनों ओर एक पोल पर इन दोनों हाइटेक कैमरों को लगाया गया है। हाईवे के एक तरफ की तीनों लेन कैमरे की नजर में रहेंगी। कंपनी के सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने बताया कि कैमरों की मॉनीटरिंग के लिए अधिकारियों को एक्सिस दिए गए हैं। देश के किसी भी कोने से जिसके पास एक्सिस है वे किसी भी हाईवे जिस पर कैमरे लगाए जाएंगे उसकी मॉनीटरिंग एक क्लिक में देख सकेंगे। टीम इंचार्ज राहुल ने बताया कि कंपनी की ओर से लगाए जा रहे कैमरे हाई रेज्यूलेशन के हैं। फिलहाल कैमरों को इस तरीके से इंस्टॉल किया गया है कि नेशनल हाईवे की अप व डाउन की सभी लेन कवर हो सके। इससे हाईवे से गुजरने वाले सभी वाहनों की फुटेेज कैमरे में कैद हो जाएगी और इस कैमरे के माध्यम से कौन सा वाहन किस एक्सल का है यह भी पता लगाया जा सकेगा।
टोल पर मिलेगी हर दिन की फुटेज
राहुल की मानें तो इन कैमरों को सेंट्रलाइज्ड किया गया है। सुरक्षा की दृष्टि से हर दिन की फुटेज फिलहाल रोहद टोल से मिल सकेगी। कैमरों को इस तरीके से लगाया गया है ताकि गाड़ी का नंबर भी साफ-साफ पता चल सके और रात के समय भी वाहनों की फुटेज कैमरों में साफ दिखाई दे सके। जहां पर कैमरे लगाए गए हैं वहां लाइट की भी उचित व्यवस्था है।
पुलिस को भी मिलेगी मदद
दिल्ली से सटे बहादुरगढ़ में आपराधिक घटनाएं भी आए दिन हो रही है। ऐसे में लूटपाट, हत्या व अन्य संगीन अपराध भी होते रहते हैं। अपराधी बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देकर अपरोच व हाईवे के मार्गों से भाग निकलते हैं। ऐसे में पुलिस की सिरदर्दी भी बढ़ी रहती है। लेकिन अब रोहद टोल से आगे भी हाईवे पर हाइटेक कैमरे लगने से पुलिस को अपराधियों के बारे में पता चलने में आसानी होगी और सोनीपत की तरफ जाने वाले वाहनों की निगरानी भी इनसे हो सकेगी।