चरखी दादरी। शिक्षा नियम 134- ए के तहत प्रवेश परीक्षा रविवार को जिले के चार परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्वक संपन्न हुई। दूसरी से 12वीं कक्षा में प्राइवेट व गैर सरेकारी स्कूलों में दाखिला के लिए प्रवेश आयोजित की गई। जिले में कुल 3006 छात्र परीक्षा में प्रविष्ट हुए जबकि 658 छात्र अनुपस्थित रहे। विभाग के पास 3664 आवेदन पहुंचे थे।
डीईओ रामौतार शर्मा व बीईओ कुलदीप सिंह ने बताया कि 11 अप्रैल तक आवदेन जमा के बाद योग्य छात्रों की सूची तैयार की गई थी। रविवार को जिले के चार स्कूलों में एसेसमेंट परीक्षा आयोजित की गई। इसके लिए नगर स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल, नगर स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक ब्वाय स्कूल, बाढड़ा स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल और बौंद कलां स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल में परीक्षा केंद्र बनाए गए। परीक्षा सुचारु रूप से संपन्न करवाने के लिए शिक्षा विभाग अधिकारियों व शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई। अधिकारियों ने केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि बाढड़ा ब्लॉक से महज 252 आवेदन आए थे और इनमें से 193 छात्रों ने यह परीक्षा दी। उन्होंने बताया कि बाढड़ा ब्लॉक में 59 छात्र अनुपस्थित रहे। वहीं, दादरी ब्लॉक में विभाग के पास से 2127 आवेदन आए थे। इनमें से 1654 बच्चे परीक्षा में प्रविष्ट हुए जबकि 475 अनुपस्थित रहे। इसी प्रकार बौंदकलां ब्लॉक से विभाग के पास 1285 आवेदन आए थे। इनमें से 1161 बच्चों ने परीक्षा दी और 124 अनुपस्थित रहे। दोपहर 12 बजे परीक्षा संपन्न हुई। परीक्षा केंद्रों में पुलिस जवान तैनात किए गए। परीक्षा सुबह 10 बजे शुरू हुई। परीक्षा आयोजन के लिए पुख्ता प्रबंध किए गए थे। डीईओ रामातौर शर्मा ने बताया कि परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न हुई। जल्द ही उत्तरपुस्तिकाओं की जांच का काम पूरा कर लिया जाएगा।