हरियाणा रोडवेज की लुक में खड़ी बसें एक माह से फांक रही धूल
बहादुरगढ़। सरकार की ओर से प्रदेश भर में नई निजी बसें चलाने के लिए पिछले दिनों घोषणा की गई थी। बहादुरगढ़ में भी ये बसें चलाए जाने की योजना थी और बसें बनकर बहादुरगढ़ में पहुंच भी गई, लेकिन फिलहाल बहादुरगढ़ पहुंची बसें पिछले एक माह से सड़कों पर खड़ी धूल फांक रही हैं। बल्कि बहादुरगढ़ में दो स्थानों पर खड़ी इन बसों को कोई भी अराजक तत्व नुकसान पहुंचा सकते हैं। इस तरफ न तो कोई प्रशासनिक अधिकारी ध्यान दे रहे हैं और न ही ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी। बहादुरगढ़ में पिछले एक महीने से सेक्टर-9 और दिल्ली-रोहतक रोड पर स्थित गोरैया टूरिस्ट कॉम्प्लेक्स के बाहर खड़ी ये बसें धूल फांक रही है। सरकार की ओर से इन बसों को चलाने के लिए परमिट जारी किए जाने थे, लेकिन परमिट जारी किए जाने से पहले ही निजी बस संचालकों की ओर से ये बसें न चलाने के लिए याचिका दायर की गई। फिलहाल कोर्ट में यह केस दायर है। खास बात यह है कि करोड़ों की लागत से बनी ये बसें आम जनता के किसी काम आ रही हैं बल्कि विभिन्न स्थानों पर खड़ी इन बसों को कोई भी अराजकतत्व नुकसान पहुंचा सकता है।
निजी बसों को दिया रोडवेज जैसा लुक
सरकार की ओर से चलाई जाने वाली किलोमीटर स्कीम वाली बसों का लुक देखने में एकदम हरियाणा रोडवेज की बसों जैसा है। बहादुरगढ़ में गोरैया टूरिस्ट कॉम्प्लेक्स के बाहर खड़ी इन बसों पर गुरुग्राम लिखा हुआ है। देखने में ऐसा लगता है जैसे यह बसें लावारिस हैं और इनका कोई मालिक नहीं है। गोरैया टूरिस्ट कॉम्प्लेक्स के बाहर 7 बसें खड़ी है तो सेक्टर-9 में पुलिस चौकी के पास 4 बसें खड़ी हैं। दोनों स्थानों पर बसें सड़क किनारे खड़ी हैं।
.............
बहादुरगढ़ में खड़ी बसों को किलोमीटर स्कीम के तहत चलाने की योजना सरकार की ओर से बनाई गई थी। पिछले काफी दिनों से बहादुरगढ़ में खड़ी इन बसों को न चलाने के लिए अन्य बस संचालकों की ओर से कोर्ट में याचिका दायर कर दी गई। अब कोर्ट केस समाप्त होने के बाद ही इन बसों को चलाया जा सकेगा।
धर्मबीर कौशिक, एसएस, बस स्टैंड बहादुरगढ़।
.............
जो बसें बहादुरगढ़ में खड़ी हैं वो किलोमीटर स्कीम के तहत खरीदी गई हैं जो बसें प्राइवेट एजेंसी के माध्यम से चलाई जाएंगी।
गौरव अंतिल, जीएम रोडवेज गुरुग्राम।
---फोटो 24 : गोरैया टूरिस्ट कांप्लेक्स के बाहर खड़ी हरियाणा रोडवेज की लुक में निजी बसें।