अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़। चुनाव के समय राजनीतिक विचारधारा के दलों के बीच चुनावी समझौते होते भी हैं और टूटते भी है। चौ. देवीलाल के सपने का हरियाणा बनाने के लिए समान विचारधारा के दल हमारा साथ देंगेे तो हम सहर्ष उनका स्वागत करेंगे। यह कहना है इनेलो सुप्रीमो चौ. ओमप्रकाश चौटाला का। चौटाला वीरवार को बहादुरगढ़ में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। बहादुरगढ़ खंड के गांव सांखोल में इनेलो नेता जीत राठी के यहां पहुंचने पर पूर्व मुख्यमंत्री ओपी चौटाला का कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। पत्रकारों से बातचीत में ओमप्रकाश चौटाला ने कहा कि 1977 में समान विचारधारा के राजनीतिक दलों ने मिलकर जयप्रकाश नारायण जैसी शख्सियत के नेतृत्व में एक होकर जनता पार्टी का गठन किया और सरकार बनाकर उस समय कांग्रेस के कुशासन से लोगों को छुटकारा दिलाया था। इसी तरह समान विचारधारा के छोट-छोटे राजनीतिक दलों ने 1989 में देवीलाल जैसी शख्सियत के नेतृत्व में इकट्ठे होकर जनता दल बनाया और सरकार बनाई। आज 1977 व 1989 से भी ज्यादा हालात खराब है और लोगों की निगाहें इनेलो पर आकर टिकी हुई है। इनेलो-भाजपा के गठबंधन के सवाल पर चौटाला ने कहा कि हमारा किसी भी राजनीतिक दल या व्यक्ति विशेष से कोई राजनीतिक द्वेष नहीं है और न ही किसी से लड़ाई है। अगर चौधरी देवीलाल की विचारधारा के राजनीतिक दल चुनावी गठबंधन के लिए हमारे साथ आते है तो इनकार नहीं।
ओमप्रकाश चौटाला ने कार्यकर्ताओं से कहा कि लोगों को छुटकारा दिलाने के लिए और भी ज्यादा मेहनत करें। जनसंपर्क अभियान चलाकर लोगों से मिलें और लोगों को पार्टी से जोड़ें ताकि 2019 में प्रदेश में इनेलो की सरकार बन सके। एक मार्च को हांसी में होने वाली इनेलो की रैली को रिकॉर्ड बनाने के लिए सभी कार्यकर्ता मेहनत करें। इस अवसर पर जीत राठी, खजान सिंह राठी सांखोल, इनेलो जिलाध्यक्ष कर्मबीर राठी, पूर्व विधायक नफे राठी, हलकाध्यक्ष राजबीर परनाला, पूर्व युवा इनेलो जिलाध्यक्ष राजेंद्र मलिक, सतीश नंबरदार, सुंदर राठी, सुरेश राठी, रामेहर राठी, सीताराम, रमेश राठी, जयंत तंवर, प्रवीण अहलावत, रितेश छिकारा आदि उपस्थित रहे।