अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। देश की ए ग्रेड महिला पहलवान विनेश फौगाट ने स्पष्ट कर दिया है कि शादी के बाद वो मैट से दूरी नहीं बनाएंगी। शादी के कुछ दिन बाद वह बैंगलुरु ट्रेनिंग के लिए चली जाएंगी और उनका पूरा फोकस आगामी स्पर्धाओं पर रहेगा। विनेश फौगाट रविवार को वह पांच दिन का बान बैठ गई और 13 दिसंबर को जींद निवासी सोमवीर राठी के साथ परिणय सूत्र में बंध जाएगी।
विनेश के पैतृक गांव बलाली स्थित उनके नए मकान में शादी की तैयारियां जोरों से चल रही हैं। मेन्यू कार्ड तैयार करने से लेकर मेहमानों को निमंत्रण भी भेजे जा चुके हैं। हालांकि फौगाट फैमिली ने अभी तक स्पष्ट नहीं किया है कि शादी के लिए किसे निमंत्रण भेजे गए हैं और कौन-कौन शिरकत करेगा। हालांकि विनेश के परिजनों ने बताया कि देश का प्रतिनिधित्व कर चुके सभी पहलवानों को शादी का निमंत्रण भेजा गया है। शादी समारोह के लिए घर पहुंची विनेश रविवार को पहली दफा मीडिया से मुखातिब हुई। विनेश ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि शादी के बाद वह कुश्ती नहीं छोड़ेगी और ट्रेनिंग सेंटर और मैट से दूरी नहीं बनाएंगी। उसने बताया कि शादी के बाद वो बैंगलुरु अभ्यास के लिए जाएगी। विनेश के भाई हरविंद्र फौगाट ने बताया कि विनेश की शादी में कई पहलवान पहुंचेंगे और इसके लिए हलवाई को व्यंजनों में कम मसाले प्रयोग करने की स्पेशल हिदायतें दी गई है। वहीं, ज्यों-ज्यों शादी नजदीक आ रही है इसकी चर्चाएं गांवों में भी होने लगी हैं। विनेश के गांव में बुजुर्ग अब हुक्के पर भी शादी की चर्चाएं कर रहे हैं। हालांकि परिजन पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि शादी बेहद सामान्य ढंग से की जाएगी और सोमवीर महज 125 बाराती लेकर बलाली पहुंचेगा।