अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। तिवाला निवासी रिंकू की हत्या मामले की गुत्थी अनसुलझी रहने पर सोमवार को मृतक के परिजनों ने एसपी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने एसपी से जल्द हत्यारोपी का पता लगाकर उसकी गिरफ्तारी की मांग की। इस पर एसपी ने जल्द ही वारदात को ट्रेस करने का आश्वासन दिया।
लघु सचिवालय एसपी से मिलने पहुंचे अनिल, कुलदीप, कर्मवीर, संदीप, संतलाल, ढीलू आदि ने बताया कि रिंकू गत 21 अक्तूबर को घर से निकला था। इसके अगले दिन 22 अक्तूबर को उसका शव पहाड़ वाले रास्ते पर झाड़ियों में पड़ा मिला था। एक ग्रामीण ने शव देखकर परिजनों को सूचना दी और इसके बाद सदर थाना पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे थे। सदर थाना पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम सिविल अस्पताल में करवाकर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया था। मृतक के भाई ने बताया कि रिंकू के गले पर निशान थे जिससे उसकी हत्या का आशंका जाहिर हुई थी। उन्होंने बताया कि हत्याकांड को करीब 20 दिन बीत चुके हैं लेकिन पुलिस अब तक आरोपी का पता नहीं लगा पाई है। मृतक के परिजनों ने बताया कि एसपी ने उन्हें जल्द आरोपी का पता लगाकर उसकी गिरफ्तारी करने का आश्वासन दिया है।
फोटो 21
एसपी से मिलने लघु सचिवालय पहुंचे तिवाला के ग्रामीण।