दूबलधन गांव में सांसद सैनी के कार्यक्रम पर बनी टकराव की स्थिति
झज्जर/बेरी।
दूबलधन गांव में सांसद राजकुमार सैनी के कार्यक्रम को लेकर अब टकराव की स्थिति बन गई है। ब्राह्मण समाज परशुराम की जयंती पर कार्यक्रम आयोजित करने के लिए अड़ा हुआ है तो कादियान खाप कार्यक्रम को भाईचारे के खिलाफ बताकर रद्द करवाना चाहता है। सोमवार को कादियान खाप ने सीटीएम को ज्ञापन सौंपकर कार्यक्रम रद्द करवाने की मांग उठाई थी। वहीं अब बुधवार को ब्राह्मण समाज के लोगों ने डीसी सोनल गोयल को ज्ञापन सौंपकर कार्यक्रम के लिए सुरक्षा मांगी है। डीसी को ज्ञापन सौंपने आए लोगों का कहना है कि लोकतंत्र में किसी सांसद को गांव में घुसने नहीं देने की बात कैसे कही जा सकती है।
कादियान खाप बोली: गांव में नहीं घुस पाएंगे सांसद सैनी
सांसद राजकुमार सैनी के कार्यक्रम को रोकन के लिए बुधवार को पुरानी गोशाला में कादयान खाप प्रधान देवेंद्र उर्फ बिल्लु पहलवान की अध्यक्षता में कार्यकारी सचिव तेजबीर बाघपुर ने पंचायत बुलाई। पंचायत में खाप के गणमान्य व्यक्तियों ने शिरकत की। पंचायत में कहा गया कि सांसद सैनी ने भाईचारा बिगाड़ने का काम किया है। वे किसी भी कीमत पर सांसद राजकुमार सैनी को अपने गांव में घुसने नहीं देंगे। राजकुमार सैनी को रोकने के लिए 25 मई शुक्रवार को गोशाला में महापंचायत होगी। उसमें रणनीति बनाई जाएगी यदि प्रशासन व सरकार समय रहते राजकुमार सैनी को दूबलधन आने से नहीं रोकती तो पंचायत एक बड़ा फैसला अपने दम पर लेगी और कादयान खाप के किसी भी गांव में राजकुमार सैनी को घुसने नहीं दिया जाएगा। सोमवार को जिला प्रशासन को सांसद सैनी को जनसभा करने से रोकने के लिए दूबलधन की तीनों पंचायतों ने ज्ञापन सौंपा था। पंचायत में पूर्व खाप प्रधान कैप्टन राजसिंह, कादयान खाप प्रधान देवेंद्र उर्फ बिल्लु पहलवान, जिला पार्षद उपेंद्र कादयान, सरंपच मॉ. महाबीर, सरपंच सोमबीर, कुलबीर, अत्तर सिंह कादयान समेत आस-पास गांव के सरपंच मौजूद रहे।
लोकतंत्र में ऐसी भाषा गलत, होकर रहेगा गांव में कार्यक्रम: कौशिक
ऑल इंडिया ब्राह्मण महासंघ के मुख्य संरक्षक पंडित हरि शमरेश कौशिक ने बताया कि दूबलधन किरमाण गांव के राजकीय स्कूल में अनुमति लेकर वे परशुराम जयंती का कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं। जिसमें कुछ लोग बेवजह विघ्न डालने का कार्य कर रहे हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई व सांसद के साथ आयोजन कर्ताओं को भी सुरक्षा मुहैया करवाने के लिए ज्ञापन सौंपा गया है। कुछ लोगों के द्वारा कहा जा रहा है कि सांसद को गांव में नहीं घुसने दिया जाएगा, लोकतंत्र में ऐसी भाषा सही नहीं है। सांसद लोगों के द्वारा चुने गए जनप्रतिनिधि हैं। उन्हें गांव में आने से कोई नहीं रोक सकता तथा कार्यक्रम तय समय के दौरान होकर रहेगा। कार्यक्रम को लेकर उन्हें 36 बिरादरी का सहयोग मिल रहा है। डीसी को ज्ञापन सौंपने वालों में तेजवीर सैन, गौरव शर्मा, दीपक, सूबे सिंह यादव, बलबीर यादव, रामकुमार सैनी, ईश्वर सैनी, सुनील कुमार, चिराग, मनीष, अजय, विशाल, योगेश, राजकुमार मौजूद रहे।