दुराचार और छेड़खानी के मामलों का एक माह में करें निपटान: एसपी
चरखी दादरी।
पुलिस अधीक्षक हिमांशु गर्ग ने शनिवार को जिले के सभी थानों और चौकी प्रभारियों की बैठक ली। बैठक में पुलिस अधीक्षक ने दुराचार व छेड़खानी के मामलों का निपटान एक माह में करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने सभी थानों में दर्ज मामलों व उन पर अमल में लाई गई कार्रवाई का ब्योरा भी लिया। इस दौरान उन्होंने सराहनीय कार्यप्रणाली पर कुछ पुलिस कर्मियों की पीठ थपथपाई तो वहीं कार्रवाई में ढिलाई बरतने वाले पुलिस कर्मियों को लताड़ भी लगाई।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि काम में किसी भी पुलिस कर्मचारी की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने बार-बार अपराध करने वालों की हिस्ट्रीशीट खोलने के आदेश भी दिए। उन्होंने कहा कि किसी अपराध की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी तुरंत मौके पर पहुंचे एवं नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाएं। महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने कहा कि सभी पर्यवेक्षण अधिकारी गांव गांव जाकर लोगों से उनकी समस्याएं जानें एवं उनका तुरंत समाधान करें। पुलिस अधीक्षक हिमांशु गर्ग ने पिछले कुछ दिनों में सामने आए छीना झपटी के मामलों पर चिंता जाहिर की। बैठक में डीएसपी हेड क्वार्टर प्रदीप कुमार, बाढड़ा डीएसपी दलीप सिंह, सीआईए दादरी निरीक्षक हितेंद्र दांगी, सदर थाना प्रभारी जगराम, सिटी थाना प्रभारी गौरव शर्मा, बाढड़ा थाना प्रभारी पवन कुमार, बौंदकलां थाना प्रभारी उप निरीक्षक भीम सिंह, सुरक्षा शाखा प्रभारी मंजीत अहलावत, एसपी रीडर सुरेंद्र दांगी, सेना लिपिक सोनू कुमार आदि उपस्थित थे।