ब्लड न मिलने पर लोगों ने सीटीएम को सौंपा ज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
सिविल अस्पताल में मरीजों को ब्लड न मिलने पर स्वामी दयाल सेवा संघ व शहर के लोगों ने बुधवार को सीटीएम को ज्ञापन सौंपा। संघ सचिव रिंपी फौगाट, राजेश, संजय, सुमित, योगेश, प्रवीन, रविन, आदि ने सीटीएम मनीष फौगाट को सौंपे ज्ञापन में बताया कि चरखी दादरी के सिविल अस्पताल में पिछले काफी समय से ब्लड स्टोरेज यूनिट चल रही थी। लेकिन अब काफी दिनों से ब्लड स्टोरेज का काम बंद है। इसके चलते जरूरतमंद मरीजों को रक्त के लिए भिवानी या रोहतक के चक्कर लगाने पड़ रहे है। उन्होंने बताया कि चरखी दादरी में सबसे ज्यादा रक्तदान शिविर लगाए जा चुके हैं लेकिन फिर भी यहां के लोगों को समय पर रक्त नहीं मिल रहा है जिसके कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में बताया गया कि यह सब स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों की लापरवाही के कारण हो रहा है।
इन लोगों ने ज्ञापन में बताया कि ब्लड स्टोरेज का लाइसेंस समय पर रिन्यू नहीं हुआ जिसके कारण मरीजों को यहां रक्त की सुविधा नहीं मिल पा रही है। लोगों ने ज्ञापन के माध्यम से सिविल अस्पताल में ब्लड स्टोरेज शुरू करवाने व लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग की है। जिससे लोगों को रक्त के लिए भिवानी और रोहतक जाने से छुटकारा मिल सके।