अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
झज्जर रोड स्थित सब्जी मंडी में 11 फरवरी को होने वाले कांग्रेस के हलका स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन को सफल बनाने के लिए रविवार को स्थानीय छोटूराम धर्मशाला में पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। पूर्व विधायक राजेंद्र जून इस मीटिंग में मुख्य वक्ता थे।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राजेंद्र जून ने कहा कि 11 फरवरी को चौ. भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में प्रदेश की जनविरोधी व जुमलेबाज भाजपा सरकार को सत्ता से उखाड़ने का बिगुल फूंका जाएगा। इससे पूर्व जून ने धर्मशाला में स्थित दीनबंधु छोटूराम की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा के मुख्यमंत्री काल में हरियाणा विकास, शिक्षा, चिकित्सा, खेलों व अन्य क्षेत्रों में नंबर वन था। मगर जनविरोधी व हर क्षेत्र में नाकाम भाजपा की खट्टर सरकार ने प्रदेश को सभी क्षेत्रों में पीछे धकेल दिया है। आज प्रदेश में किसान मजदूर श्रमिक, व्यापारी, कर्मचारी व आमजन भाजपा से दुखी है। जून ने कहा कि राजस्थान उपचुनाव में सत्ताधारी सरकार के प्रत्याशियों को हराकर जनता ने भाजपा को ट्रेलर दिखा दिया है कि अब भाजपा की झूठ व लूट की राजनीति को जनता अब ओर सहन नहीं करेगी। जून ने कार्यकर्ताओं से 11 फरवरी को सब्जी मंडी में होने वाली सभा की सफलता के लिए जुट जाने की अपील की।
वेद प्रधान, पूर्व चेयरमैन तेजबीर दलाल, आजाद राठी, श्रीओम अहलावत, सुशील बराही, टैणी प्रधान, पूर्व ब्लाक अध्यक्ष मनोज नबंरदार, प्रियव्रत दलाल, कुलदीप छिकारा, नप वाइस चेयरमैन विनोद कुमार, पार्षद रवींद्र जाखड़, वजीर राठी, सतपाल राठी, युवराज छिल्लर, समुंद्र सहवाग, चेयरपर्सन पुत्र संदीप राठी व पूर्व सरपंच वीरेंद्र कौशिक सहित अनेक पार्टी कार्यकर्ताओं ने सम्मेलन को ऐतिहासिक सम्मेलन बनाने का आह्वान कार्यकर्ताओं से किया। मीटिंग का संचालन कांग्रेस नेता डाक्टर एसके मलिक ने किया।