अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर।
स्वच्छता सर्वे टीम दो दिन से शहर के उन प्वाइंट का निरीक्षण कर रही है, जो नपा के द्वारा स्वच्छता के लिहाज से बताए गए हैं। बुधवार को स्वच्छता सर्वे टीम मंगलीराम पार्क में निरीक्षण के लिए पहुंची तो वहां के टॉयलेट में कटर, साईकिल और दूसरा सामान पड़ा हुआ था। जिस पर नपा अधिकारियों ने टीम सदस्यों के द्वारा फोटो लेने से पहले ही फटाफट सामान को बाहर निकलवाया। वहीं, पार्क में कार्यरत कर्मियों को भी हिदायत दी कि टॉयलेट का प्रयोग स्टोर रूम के तौर पर न करें। वहीं, पब्लिक टॉयलेट के मामले में झज्जर शहर के अंक कटने वाले हैं, क्योंकि शहर में खड़े मोबाइल टॉयलेट में पानी का कनेक्शन नहीं है, जिसका भी बुुधवार को स्वच्छता टीम ने निरीक्षण किया है।
स्कूलों में जांची स्वच्छता एक्टिविटी
स्वच्छता सर्वे की टीम के द्वारा शहर के दो निजी स्कूलों और एक सरकारी स्कूल में बुधवार को स्वच्छता एक्टिविटी की जांच की गई। जांच के दौरान में टीम ने स्कूलों में पिछले वर्ष स्वच्छता को लेकर जागरूकता फैलाने वाले कार्यक्रमों की समीक्षा भी की। वहीं, स्कूलों के द्वारा किए गए ऐसे कार्यक्रमों के फोटो टीम ने स्कूलों से लिए। जिसके आधार पर नंबर दिए जाएंगे।
होटलों में भी जांची सफाई
शहर के दो होटलों में स्वच्छता टीम ने साफ-सफाई का जायजा लिया। जहां पर टीम ने होटल मालिकों के आईटी प्रूफ लिए तथा उनके होटलों की फोटो भी ली। टीम सदस्यों के द्वारा होटल संचालकों से साफ सफाई के बारे में फीडबैक भी लिया गया। उनसे पूछा गया कि नपा के कर्मचारी सफाई के लिए यहां कितने आते हैं, जिनके जवाब सभी ने पॉजीटिव ही दिए।
लोगों से भी जुटाया फीडबैक
स्वच्छता सर्वे टीम के सदस्य ने पार्क में बैठे लोगों, कमर्शियल क्षेत्र और मोहल्ला चौधरियान में लोगों से शहर की साफ-सफाई के बारे में फीडबैक जुटाया। वहीं, कुछ लोगों ने टीम के द्वारा किए जा रहे सर्वे को महज औपचारिकता भर बताया। टीम के द्वारा लिए जा रहे फीडबैक के दौरान भी नपा के कर्मचारी उनके साथ मौजूद रहे।
वर्जन
टीम के द्वारा शहर के चिह्नित स्थानों पर सर्वे करवाया गया। पार्क में कुछ सामान कर्मचारी ने रखा था, जो कि स्टोर रूम में शिफ्ट कर दिया गया है। उनके द्वारा रैंकिंग के लिए पूरा ध्यान रखा जा रहा है।
-नरेंद्र सैनी, सचिव, झज्जर।