सुर्खियों में रहा आरटीए कार्यालय होगा शिफ्ट, जगह तलाशने निकले एडीसी
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
एक साल पहले लोहारू रोड पर स्थापित किया गया आरटीए कार्यालय जल्द ही शिफ्ट होगा। जिला प्रशासन ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी है। खुद एडीसी नए कार्यालय के लिए जगह तलाशने में जुटे हैं। विभागीय सूत्रों की मानें तो कार्यालय रावलधी-दिल्ली बाईपास पर शिफ्ट किया जा सकता है। यहां एडीसी अजय सिंह तोमर ने एक साइट भी देखी है। यह साइट प्रशासन को उपयुक्त लगी है। हालांकि जिला प्रशासन आरटीए कार्यालय खोलने के लिए जमीन खरीदने पर भी विचार-विमर्श कर रहा है। आरटीए कार्यालय स्थापित होने के बाद से ही कार्यप्रणाली को लेकर सुर्खियों में है। इस समय विभाग के करीब 60 फीसदी पद खाली पड़े हैं और इसके चलते काफी हद तक कामकाज प्रभावित हो रहा है।
अब जल्द ही शहर का आरटीए कार्यालय शिफ्ट होने की उम्मीद है। इसके लिए प्रशासन ने स्थायी तौर पर जगह की तलाश शुरू कर दी है। इसके लिए एडीसी द्वारा रावलधी बाईपास के समीप जमीन के लिए साइट का भी जायजा लिया गया है। करीब पांच-छह एकड़ जमीन में यह कार्यालय भवन बनाए जाने की प्लानिंग की है ताकि वाहन चालकों को किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं होने पाए। इस समय शहर के लोहारू रोड पर किराए के भवन में आरटीए कार्यालय चल रहा है। पिछले करीब एक साल से आरटीए कार्यालय शहर के लोहारू रोड पर चल रहा है। यह किराए के भवन में चल रहा है। यहां जगह की भी कमी बनी हुई है। जगह के अभाव में समय- समय पर कई प्रकार की परेशानियां आ रही हैं जिससे समय कामकाज समय पर पूरे नहीं हो पाते। जिला बन जाने के कुछ समय बाद ही शहर में आरटीए कार्यालय शुरू हो गया था लेकिन आज तक यह पूरी तरह से अस्तित्व में नहीं आ सका है। यहां सभी प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो सकी हैं। स्टाफ की भी 60 प्रतिशत तक कमी बनी हुई है। स्टाफ पूरा न होने की वजह से लोगों के सभी प्रकार के कामकाज समय पर पूरे नहीं हो पा रहे हैं। कई बार तो वाहन चालकों को भिवानी जाना पड़ता है।
पांच एकड़ जमीन की है तलाश
प्रशासन आरटीए कार्यालय के लिए जमीन की तलाश में है ताकि कम से कम पांच एकड़ जमीन लेकर यहां कार्यालय स्थायी तौर पर स्थापित किया जा सके ताकि लोगों को किसी प्रकार की कोई परेशानी न आए तथा वाहनों के लिए जगह की भी कमी नहीं रहे। एडीसी शहर के रोहतक रोड स्थित गांव रावलधी बाइपास पर साइट का भी जायजा ले चुके हैं। अधिकारी मेन रोड पर जगह मिलने की कोशिश में हैं ताकि पर्याप्त जगह उपलब्ध हो सके। वाहन चालकों व अधिकारियों को भी परेशानी न होने पाए। अगर जगह उपलब्ध हो जाती है तो जल्द ही यहां सरकारी भवन बनाए जाने की प्लानिंग है।
सीएम फ्लाइंग को मिली थी निरीक्षण के दौरान खामियां
जिले में कुछ समय पहले चल रहे ओवरलोडिंग के खेल पर कई शिकायतें सूबे के मुखिया मनोहर लाल के पास पहुंची थी। कुछ माह पूर्व सीएम फ्लाइंग ने भी आरटीए कार्यालय का औचक निरीक्षण किया था। इस दौरान काफी खामियां भी सामने आई थी। इसके बाद आरटीए का कार्यभार एसडीएम की बजाय एडीसी को दिया गया था।
:: वर्सन-
प्रशासन आरटीए कार्यालय के लिए जमीन की तलाश में है। जैसे ही जमीन उपलब्ध हो जाएगी यहां नया भवन बनाए जाने की प्लानिंग है। रावलधी-दिल्ली बाईपास पर हमने एक साइट भी देखी है। - अजय सिंह तोमर, एडीसी, चरखी दादरी