लंबित मांगों के लिए चौकीदार एसोसिएशन ने की नारेबाजी
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
हरियाणा ग्रामीण चौकीदार सभा की दादरी जिला इकाई का सम्मेलन शुक्रवार को रामअवतार की अध्यक्षता में बीडीओ ब्लॉक के सामने संपन्न हुआ। राज्य महासचिव संजीत सिंह ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि ग्रामीण चौकीदार सामाजिक, आर्थिक रूप से कमजोर तबकों से हैं। पीढ़ी दर पीढ़ी सभी सरकारों की सेवा करने वाले चौकीदारों को मामूली से वेतन से काम चलाना पड़ता है। 2010 से अब तक मुनादी भत्ता बकाया है, उसे जल्द से जल्द जारी किया जाए। उन्होंने कहा कि लंबित पड़ी मांगों को लेकर यूनियन का प्रतिनिधि मंडल सरकार से पंचकूला में मिल चुका है और इस दौरान वेतन बढ़ोतरी, चौकीदार को छतरी व साइकिल देने का वादा किया गया था, जिसे पूरा नहीं किया जा रहा। सरकार की इस गरीब विरोधी नीति के खिलाफ यूनियन संघर्ष करेगी। सम्मेलन में 13 सदस्यीय जिला कमेटी का चुनाव किया गया, जिसमें रामअवतार को प्रधान, प्रदीप व अशोक बाढ़ड़ा उपप्रधान, जयभगवान मोरवाला, जयवीर बौंद को सहसचिव, चिमन भागवी को कैशियर, बलजीत शिशवाला, वेदप्रकाश, रणधीर व संजीत को कमेटी सदस्य के रूप में चुना गया। जिला सम्मेलन को सीटू जिला सचिव अनिल कुमार, रणधीर सिंह दादरी, जयभगवान रावलधी ने भी संबोधित किया।