अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
मेन बाजार के साथ सटी महावीर मंदिर वाली गली में दिन दहाड़े स्कूटी सवार युवकों ने घर के बाहर बैठी एक बुजुर्ग महिला के कान से बाले झपट लिए। महिला के शोर मचाने पर लोगों ने उनका पीछा भी किया, मगर युवक भाग निकले।
महावीर मंदिर वाली गली की निवासी बुुजुर्ग महिला कृष्णा वधवा अकेली रहती है। पेंशन के सहारे वह जीवन-यापन कर रही है। सोमवार को उसे पेंशन लेने जाना था। इसलिए वह अपने मकान के बाहर बैठकर अन्य परिचित पेंशन धारक का इंतजार कर रही थी। दोपहर करीब ढाई बजे एक स्कूटी पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे। महिला के मुताबिक, उनमें से एक युवक स्कूटी से उतरा और पीछे से उसके कान से बाले उतारने लगा। उसने खतरा भांपकर शोर मचाया तो युवक ने झटके से बाले निकाल लिए और भागने लगे। आसपास कोई नहीं था। जब तक लोग आए युवक भाग चुके थे। बाद में कुछ लोगों ने पीछा भी किया, मगर युवक भाग निकले।
लोगों ने बताया कि इससे पहले भी इस गली में छीना झपटी और चोरी की वारदातें होती रही हैं। पिछले महीने ही यहां एक कांफेक्शनरी की दुकान से नकदी चुरा ले गए थे। कुछ समय पहले ही गली से गुजर रहे रवींद्र गुप्ता से रुपये और सामान से भरा थैला छीन लिया गया था।
उधर, सिटी थाने के कार्यवाहक प्रभारी एसआई तेलूराम ने कहा कि फिलहाल उनके पास ऐसी कोई शिकायत नहीं आई है। फिर भी वह मामले की जांच कराएंगे।
- घर के बाहर बैठी थी बुजुर्ग महिला