बूंदाबांदी से रुका बिजाई का का काम
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
जिले में रविवार को बूंदाबांदी जारी रही जिससे तापमान 32.37 डिग्री तक बना रहा। मौसम खुशगवार होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है, लेकिन बूंदाबांदी से किसानों की खरीफ की बिजाई का कार्य काफी हद तक प्रभावित हो रहा है और पहले से लगाई फसलों में बारिश से काफी फायदा पहुंच रहा है। किसानों का मानना है कि मौसम साफ बने रहने पर ही बाजरा, ग्वार व ज्वार आदि की बिजाई संभव है। क्षेत्र में अधिकतर किसान बाजरा, ज्वार व ग्वार की फसलों की ही बिजाई करते हैं। कपास की बिजाई किसान गत मई माह में कर चुके हैं ऐसे में कपास की फसल में बारिश से काफी फायदा पहुंच रहा है।
कृषि विकास अधिकारी संदीप बूरा का कहना है कि जिन किसानों ने अभी तक बिजाई नहीं की है वे 20 जुलाई तक खरीफ की फसलों की बिजाई कर सकते हैं। 20 जुलाई तक बिजाई का अगेता समय माना जाता है। उनका कहना है कि इस बार समय पर बारिश हुई है जो किसानों के लिए बेहद फायदमंद साबित होगी। इस बारिश से पहले से ही बिजाई की हुई फसलों को रोगों से भी छुटकारा मिल सकेगा।
फोटो 28 खेतों में रोपित धान की फसल