बहादुरगढ़। गांव नूना माजरा के पुराने गर्ल्स स्कूल परिसर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोरोना वैक्सीनेशन कैंप लगाया गया। इसमें कोविशील्ड व कोवैक्सीन की पहली और दूसरी दूसरी डोज लगाई गई। एएनएम पूनम, आशा वर्कर रानी, आशा व सुदेश और एमपीएचडब्ल्यू प्रदीप की टीम ने वैक्सीन लगाने की प्रक्रिया पूरी की। इस मौके पर पूर्व सरपंच विरेंद्र कौशिक के अलावा कई ग्रामीण मौजूद रहे। स्वास्थ्य कर्मियों व गांव के पूर्व सरपंच विरेंद्र कौशिक ने ग्रामीणों को प्रेरित किया कि उन्हें वैक्सीन जरूर लगवानी चाहिए। वैक्सीन को लेकर किसी भी तरह से कोई भ्रम नहीं पालना चाहिए। एक नहीं, दोनों डोज जरूर लें। उन्होंने कोरोना वायरस के नए वैरियंट ओमिक्रॉन से बचाव के लिये भी ग्रामीणों को जागरूक किया और मास्क जरूर लगाने के लिए कहा। कैंप में 100 लोगों ने कोविशील्ड व कोवैक्सीन की पहली व दूसरी डोज लगवाई। कैंप में आने वालों को किसी भी तरह की कोई परेशानी न हो इसको ध्यान में रखते हुए उनके बैठने की उचित व्यवस्था की गई थी। पूर्व सरपंच विरेंद्र कौशिक ने कहा कि कोविड-19 से घबराने की बजाय सरकार व स्वास्थ्य विभाग द्वारा बताए गए सुरक्षा नियमों का पालन करें। वैक्सीन जरूर लगवायें। कोरोना वैक्सीन हमारे शरीर में सुरक्षा कवच का काम करती है। उन्होंने कहा कि हमें मास्क का प्रयोग जरूर करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमें कोरोना के नये वैरिएंट से बचाव को लेकर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। वैक्सीन लगवाने को लेकर हम सभी को जागरुकता की अलख जगानी चाहिए।