फोटो 60: स्टेडियम की सफाई करने के बाद इकट्ठा किया गया कूड़ा और समिति सदस्य व खिलाड़ी। स्त्रोत स
बहादुरगढ़। रविवार को गांव सांखोल के खेल स्टेडियम में स्वच्छता को लेकर विशेष सफाई अभियान चलाया गया। स्टेडियम से करीब 100 किलोग्राम कचरा एकत्र किया गया जिसमें सिंगल यूज प्लास्टिक की मात्रा सबसे अधिक पाई गई। यह अभियान संघर्षशील जनकल्याण सेवा समिति और गांव के युवा खिलाड़ियों के संयुक्त प्रयास से हुआ।
सरपंच प्रतिनिधि राजकुमार ने कहा कि सभी ग्रामवासियों को स्वच्छता नियमों का कड़ाई से पालन करना चाहिए। उन्होंने खिलाड़ियों से भी अपील की कि वे खेल मैदान को स्वच्छ रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
समिति प्रधान संजय कलसन ने कहा कि यह स्टेडियम पूरे गांव का सपना है और इसकी सफाई की जिम्मेदारी हम सभी की है। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे अभियानों को निरंतर चलाने की बात कही।
इस मौके पर जगपाल राठी ने कहा कि रैपर्स और पैक्ड फूड के बढ़ते चलन के कारण सफाई व्यवस्था बनाए रखना चुनौती बन गया है इसलिए जागरूकता बेहद जरूरी है। अंत में सभी खिलाड़ियों और ग्रामवासियों ने स्टेडियम सहित गांव को स्वच्छ रखने की शपथ ली और स्वच्छता अभियान को आगे भी जारी रखने का संकल्प लिया।