झज्जर। निपुण हरियाणा सेंसस असेसमेंट के परिणामों में जिलों के निचले स्तर पर रहने वाले स्कूलों को बेहतर करने के लिए नए सिरे से काम किया जाएगा। बाकायदा ऐसे स्कूलों के लिए नया एक्शन प्लान मांगा गया है। इसके लिए मौलिक स्कूल शिक्षा निदेशालय ने सभी जिलों के जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी किया है।
पत्र के माध्यम से निर्देश दिए गए हैं कि अपने-अपने जिलों के विद्यालय के निम्न अधिगम स्तर के मूल कारणों का विश्लेषण करते हुए एक स्पष्ट, तर्कसंगत व व्यावहारिक कार्ययोजना तैयार की जाए। प्रत्येक जिले के निचले स्तर पर 10 विद्यालयों की पहचान की गई है जहां विद्यार्थियों के अधिगम स्तर अपेक्षित मानकों से अत्यंत कम पाए गए हैं।
ऐसे में संबंधित स्कूल मुखियाओं से अपेक्षा की गई है कि वह ऐसे सभी विद्यालयों की कार्य योजना तैयार करें। इसके अलावा यह भी निर्देश दिए गए हैं कि सेंसस असेसमेंट में सी कैटेगरी में चिन्हित सभी विद्यालयों के संबंध में डीईईओ स्तर से औपचारिक चेतावनी पत्र जारी किया जाए।
डीजी शिक्षा विभाग लेंगे बैठक
पत्र में बताया गया है कि इन सभी विद्यालयों के संबंधित शिक्षकों को महानिदेशक मौलिक शिक्षा हरियाणा की अध्यक्षता में आयोजित की जाने वाली प्रस्तावित बैठक के लिए तैयार रखा जाए। बैठक की तिथि, समय व स्थान की जानकारी बाद में उपलब्ध करवाई जाएगी।
प्रस्तावित बैठक में संबंधित शिक्षक व विद्यालय प्रमुख सभी आवश्यक दस्तावेजों सहित उपस्थित होंगे ताकि सकी गहन समीक्षा की जा सके।