साल्हावास। गांव मुंडाहेडा में दस एकड़ फसल बारिश में डूबकर खराब होने पर शनिवार शाम साढ़े चार बजे एक किसान ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पाकर मातनहेल पुलिस चौकी व साल्हावास से पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया।
एफएसएल टीम ने घटना स्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्रित किए। शव को रविवार को नागरिक अस्पताल झज्जर में पोस्टमार्टम होगा।
जगदीश निवासी मुंडाहेडा ने बताया कि 45 वर्षीय उसके छोटे लड़के सूबे सिंह ने 6 एकड़ जमीन जमीन मालपर व खुद के चार किले में धान की बिजाई कर रखी थी।
अधिक बरसात के कारण फसल नष्ट हो गई, जिससे उसका बेटा सूबे सिंह मानसिक तौर पर पिछले दो दिन से परेशान था।
शनिवार शाम साढ़े चार बजे पता चला कि सूबे सिंह ने भिंडावास झील पर रेढुवास गांव की सीमा में फंदा लगा लिया है। मृतक अपने पीछे पिता जगदीश, भाई मालिकराम, पत्नी सुमन, पुत्र अमित व सुमित को छोड़ गए हैं।