हरियाणा के नूह-मेवात में प्राथमिक स्तर पर स्कूली शिक्षा छोड़ने वालों की दर राज्य के औसत से अधिक है। शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने विधानसभा के बजट सत्र के दौरान यह जानकारी दी है। मंत्री ने कहा कि जिले में प्राथमिक स्तर पर स्कूल छोड़ने वालों की दर 2023-24 और 2025-26 के बीच बढ़ी है। विधानसभा में दिए गए आकंड़ों के मुताबिक, प्राथमिक स्तर पर ड्रॉपआउट दर राज्य के औसत 1.70 प्रतिशत के मुकाबले 12.52 प्रतिशत हो गई है।
विधायक आफताब अहमद ने कहा कि नूंह में 37 स्कूलों में शिक्षक नहीं है। 81 स्कूल केवल एक-एक शिक्षक के भरोसे चल रहे हैं। साल 2023-24 में 8.61 फीसदी, 2024-25 में 12.52 फीसदी, 2025-26 में 12.84 फीसदी ड्रॉप आउट दर 6वीं से 8वीं की कक्षाओं में रहा है। 11वीं में इन वर्षों में क्रमश: 7.88 फीसदी, 8.69 फीसदी, 4.76 फीसदी ड्रॉप आउट दर रही है। प्रदेश में ड्रॉप आउट दर 6 से 8 कक्षाओं में इन्हीं वर्षों में 4.87 फीसदी, 1.7 फीसदी, 3 फीसदी रहा था। शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने माना कि जिले में 10053 स्वीकृत पद हैं, जिनमें 4804 पद रिक्त हैं।