हरियाणा के जिला सोनीपत के खरखौदा में नहरी पानी की कमी झेल रहे किसानों का गुस्सा शुक्रवार को फूट पड़ा। किसानों ने आधे घंटे तक सांपला-खरखौदा मार्ग को जाम कर दिया।
रोहणा के किसानों ने आरोप लगाया कि शेड्यूल के मुताबिक पानी नहीं मिल रहा। बाद में ग्रामीणों ने कांग्रेस नेता जोगेंद्र दहिया के कहने पर जाम खोल दिया।
ग्रामीणों ने नहरी विभाग के अधिकारियाें और एसडीएम से भी मुलाकात कर अपनी समस्या उठाई।
किसानों का आरोप है कि नहरी विभाग के अधिकारी पानी पहुंचाने में असमर्थ साबित हो रहे हैं, जबकि ठेकेदार अपने कामों में मनमानी बरतते हैं।
इससे रोहणा माइनर की अधूरी सफाई परेशानी का सबब बनी हुई है। किसानों की गेेहूं की फसल प्रभावित हो रही है।
किसान सरपंच संजय दहिया, जोगेंद्र दहिया, बस्तीराम, करतार सिंह, साहब सिंह, जगदीश, जगबीर सिंह, होशियार सिंह ने एसडीएम से शिकायत की।
एसडीएम विरेंद्र सिंह सहरावत ने किसानों को आश्वासन दिया कि किसानों को शेड्यूल के मुताबिक पानी मुहैया कराया जाएगा और मामले की पूरी जांच कराई जाएगी।
सिंचाई विभाग के एक्सईएन एसके शर्मा का कहना है कि रोहणा माइनर की विधिवत सफाई कराई जाएगी।
अगली बार जब भी पानी छोड़ा जाएगा, श्ेाड्यूल से ज्यादा पानी छोड़ने की कोशिश की जाएगी ताकि किसानों को कम पानी मिलने की भरपाई पूरी हो सके।