हिसार। जिले में चौथी बार जिला परिषद की वार्डबंदी तय होगी। इसके लिए प्रक्रिया शरू कर दी गई है। अब आदमपुर को जिला परिषद और पंचायत समिति में शामिल कर नए सिरे से वार्डबंदी होगी। इस प्रक्रिया को 3 अक्तूबर तक पूरा किया जाएगा।
जिले में अप्रैल माह में जिला परिषद की वार्डबंदी का एलान किया गया था। इसके बाद आदमपुर को नगर पालिका बनाने की घोषणा कर दी गई। जिस कारण आदमपुर गांव, जवाहर नगर, आदमपुर मंडी को जिला परिषद की लिस्ट से बाहर कर जिला परिषद की वार्डबंदी में बदलाव किया गया। कुछ दिनों बाद सिसाय व बास नगर पालिका को भंग कर ग्राम पंचायत बना दिया गया। इसके चलते इन पांच गांवों को शामिल करते हुए तीसरी बार परिषद की वार्डबंदी तय की गई। अब आदमपुर नगर पालिका से आदमपुर गांव को बाहर किया गया है। जिस कारण चौथी बार आदमपुर गांव को शामिल कर वार्डबंदी तय की जाएगी।
जिला परिषद का ड्रॉ स्थगित
नगर पालिका आदमपुर से आदमपुर गांव निकालने के पश्चात जिला परिषद की पुन: वार्डबंदी की जाएगी। 30 सितंबर को किया जाने वाला जिला परिषद के वार्डों का आरक्षण का ड्रॉ आगामी आदेशों तक स्थगित कर दिया गया है। इस आरक्षण में पिछड़े वर्ग के लिए वार्ड तय किए जाने थे।
यह रहेगा शेड्यूल
26 से 27 सितंबर को शाम 5 बजे तक वार्डबंदी प्रारूप तैयार होगा
27 सितंबर को शाम 6 बजे वार्डबंदी का प्रारंभिक प्रकाशन होगा
28 से 30 सितंबर शाम 5 बजे तक दावे व आपत्तियां लिए जाएंगे
30 सितंबर को शाम 6 बजे तक दावे व आपत्तियों पर निर्णय
1 से 3 अक्तूबर शाम 5 बजे तक अपील की अंतिम तिथि
3 अक्तूबर को शाम 6 बजे तक अपील का निर्णय
3 अक्तूबर रात 8 बजे तक वार्डों की सूची का अंतिम प्रकाशन
पंचायती राज संस्थाओं के छठे आम चुनावों के दृष्टिगत हरियाणा पंचायती राज निर्वाचन नियम 1994 के नियम 4 में दिए गए प्रावधानों के अनुसार ग्राम पंचायत आदमपुर गांव की वार्डबंदी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिला परिषद के 30 वार्ड में आदमपुर गांव को भी शामिल किया जाएगा। आदमपुर गांव में भी 20 वार्ड बनाए जाएंगे।
- उत्तम सिंह, उपायुक्त एवं निर्वाचन अधिकारी, हिसार