बरवाला (हिसार)। क्षेत्र के गांव पाबड़ा के 22 वर्षीय युवक सोनू की रविवार को खेदड़ गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने मामले में गांव पाबड़ा निवासी हकीकत, चरणदास, बादल, गोलू, कृष्ण, दीपक, सुभाष, गोविंद, रजनी, सोमवीर, सोनी, जसड़ा, कृष्ण के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
पुलिस को दिए बयान में मृतक सोनू की मां कांता देवी ने बताया कि उसके तीन लड़के हैं। सबसे छोटा लड़का सोनू (22) कबूतर पालने का शोक रखता था। गांव पाबड़ा के हकीकत व चरणदास भी कबूतर रखते हैं। कई दिन पहले उनके कबूतर गुम हो गए थे, जिसका शक उन्होंने उसके बेटे सोनू पर किया था। इस वजह से शनिवार शाम करीब 4 बजे चरणदास व अन्य सोनू के घर पर आकर झगड़ा करने लगे व परिवार को जान से मारने की धमकी देकर वहां से चले गए। रविवार को सोनू सुबह करीब 10 बजे अपनी बाइक पर घर से निकला था। दोपहर 1 बजे सोनू के भाई सुरजीत ने सोनू से फोन पर बात की और पूछा कि वह कहां है। इस पर सोनू ने बताया कि वह गांव खेदड़ में है। कुछ देर बाद सोनू ने सुरजीत को फोन कर बताया कि वह मर रहा है, उसे आकर ले जाओ। इसके बाद किसी अन्य व्यक्ति ने सोनू के फोन से उसके पिता को फोन करके बताया कि तुम्हारे लड़के ने नशा कर रखा है, उसे आकर संभाल लो। तब सोनू के परिजन उसे ढूंढते हुए खेदड़ पहुंचे तो सोनू बेहोशी की हालत में गांव खेदड़ में अग्रोहा मार्ग पर पड़ा मिला। परिजन सोनू को शहर के एक निजी अस्पताल में ले आए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक सोनू की मां कांता देवी ने आरोप लगाया कि उसे शक है कि सोनू की हत्या हकीकत, चरणदास, बादल, गोलू, कृष्ण, दीपक, सुभाष, गोविंद, रजनी, सोमवीर, सोनी, जसड़ा व कृष्ण पुत्र बलबीर सिंह ने मिलकर की है। थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।