पुलिस किसी तरह से शव को नागरिक अस्पताल पहुंचाने में कामयाब रही। परिजन नागरिक अस्पताल परिसर भी पहुंच गए। शाम करीब छह बजे एक घंटा रोड जाम कर दिया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करते हुए हंगामा कर रहे लोगों को खदेड़ दिया। कुछ लोगों को बस में भरकर उन्हें वहां से ले गए।
मेडिकल रिपोर्ट में ड्रग ओवरडोज की पुष्टि
डॉक्टरों की मेडिकल रिपोर्ट में पुष्टि हुई है कि लड़की की मौत ड्रग्स के ओवरडोज से हुई है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि 24 जुलाई को पड़ाव चौकी पुलिस टीम ने विकास नगर क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान झुग्गी-झोपड़ी, नांगलोई (दिल्ली) के रहने वाले एक व्यक्ति राजा को काबू किया था। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 5.08 ग्राम चिट्टा मिला। हिसार सिटी थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया था।
पूछताछ के दौरान आरोपी राजा ने खुलासा किया कि उसने यह नशीला पदार्थ आंबेडकर बस्ती की रहने वाली पूनम से 12 हजार रुपये में खरीदा था। इस आधार पर पुलिस आरोपी महिला की गिरफ्तारी के लिए आरोपी राजा को साथ लेकर रेड की। मौके पर पहुंचने के बाद राजा ने एक महिला की तरफ इशारा किया कि वह पूनम है। पुलिस को देख महिला ने अपने हाथ में ली हुई कोई चीज निगल ली। जिसके कारण उसकी हालत बिगड़ गई।
महिला के परिवारजनों ने उच्च जोखिम उपचार के लिए सहमति पत्र पर हस्ताक्षर कर लिखित में स्पष्ट किया गया कि वे इस मामले में कोई पुलिस कार्रवाई नहीं चाहते, गलती से नशीला पदार्थ खाया है। मृतका के परिवारजन पहले भी नशीले पदार्थों की खरीद फरोख्त में शामिल रहे हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार पूनम के परिवारजनों पर एनडीपीएस एक्ट के तहत सिटी थाने में छह केस दर्ज हैं।
चिकित्सकों की रिपोर्ट में साफ है कि युवती की मौत नशे की ओवरडोज के कारण हुई है। कुछ असामाजिक तत्व मौके का लाभ उठाकर लोगों को भड़काना चाह रहे थे। मामले को बिना कारण तूल देकर निजी अस्पताल में तोड़फोड़ की गई। तोड़फोड़ करने वालों की पहचान की जा रही है। ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
-शशांक कुमार सावन, एसपी, हिसार